Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

शराब घोटाले में एमसीडी चुनाव प्रभारी को ईडी ने किया तलब,सिसोदिया ने पूछा-इसके पीछे शराब नीति या एमसीडी चुनाव?

ईडी ने दिल्ली शराब घोटाले में आप के एमसीडी चुनाव प्रभारी को किया तलब

नई दिल्ली– शराब नीति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब पार्टी विधायक और नगर निगम चुनाव के प्रभारी दुर्गेश पाठक को तलब किया है. दिल्ली के डिप्टी सीएम और आबकारी मंत्री मनीष सिसोदिया ने खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है.उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि इनका मकसद शराब नीति है या निगम चुनाव? सिसोदिया ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, ‘आज ईडी ने ‘आप’ के एमसीडी के चुनाव इंचार्ज दुर्गेश पाठक को समन किया है. दिल्ली सरकार की शराब नीति से हमारे एमसीडी चुनाव इंचार्ज का क्या लेना देना? इनका टारगेट शराब नीति है या एमसीडी चुनाव?’

शराब नीति  मामले में झूठे केस में फंसाने की साजिश

बता दें कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा था. पार्टी के पहले राष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में दिल्ली के सीएम ने कहा था कि केंद्र सरकार उनकी पार्टी के मंत्रियों और नेताओं को भ्रष्टाचार के झूठे मामलों में फंसाने की साजिश कर रही है.उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा उठी है. उन्होंने कहा था कि हमारे विधायकों पर अब तक 169 केस हो चुके हैं मगर उन्हें एक भी केस में सजा नहीं हुई .

पार्टी ने बनाया एमसीडी इंचार्ज

दुर्गेश पाठक ‘आप’ के एक उभरते हुए नेता हैं. राघव चढ्डा के पंजाब से राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से पार्टी ने दुर्गेश को चुनाव में खड़ा किया था. उपचुनाव में उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस उम्मीदवारों को भारी मतों से हराकर पार्टी को जीत दिलाई थी. अब पार्टी ने उन्हें नगर निगम चुनाव की जिम्मेदारी सौंप दी है.

40 ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी

इससे पहले बीते शुक्रवार को ईडी ने दिल्ली शराब घोटाले को लेकर हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई समेत देशभर में 40 ठिकानों पर छापेमारी की थी. अकेले हैदराबाद में ही 25 जगहों पर छापेमारी की गई थी. इसके साथ ही जेल में बंद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से भी पूछताछ की गई थी. वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई की छापेमारी हुई थी. शराब घोटाले को लेकर बीजेपी और आप के बीच बयानबाजी का दौर लगातार जारी है.

-आईएएनएस/भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital