Bharat Express DD Free Dish

‘भारत में कानून के हिसाब से काम करूंगा’, एक्स’ ने अपनी गलती मानी, 600 अकाउंट्स डिलीट

X India law compliance: एलॉन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने कंटेंट प्रबंधन में गलती स्वीकार की है. कंपनी ने भारत के कानूनों के अनुसार काम करने का भरोसा दिया और आपत्तिजनक सामग्री पर कार्रवाई करते हुए 3500 पोस्ट ब्लॉक तथा 600 अकाउंट्स डिलीट किए.

X India law compliance: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलॉन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) ने स्वीकार किया है कि कंटेंट प्रबंधन में उससे गलती हुई है. कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि आगे से वह भारत के कानून और नियमों के मुताबिक काम करेगी. दरअसल, केंद्र सरकार ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद आपत्तिजनक सामग्री पर ध्यान दिया था, जिसके बाद ‘एक्स’ ने तुरंत कदम उठाते हुए कार्रवाई की.

600 अकाउंट डिलीट

सूत्रों के मुताबिक एक्स ने अब तक 3500 पोस्ट ब्लॉक किए हैं और 600 अकाउंट्स को डिलीट कर दिया है. कंपनी का कहना है कि आगे से आपत्तिजनक कंटेंट को अनुमति नहीं दी जाएगी और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा. यह कदम उस घटना के एक हफ्ते बाद उठाया गया है जब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद अश्लील कंटेंट को चिन्हित किया था.

Grok AI पर विवाद

पिछले कुछ दिनों से ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म पर अश्लील कंटेंट को लेकर विवाद बढ़ गया था. कई अकाउंट्स Grok AI की मदद से अश्लील सामग्री तैयार कर रहे थे, जिसे लेकर आलोचना भी हुई. Grok असल में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट है जिसे एलॉन मस्क की कंपनी एक्स AI ने विकसित किया है. इसे ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म या अलग ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें-‘ईरान अब स्वतंत्रता की ओर, अमेरिका मदद…’, क्या ईरान पर हमले की तैयारी में हैं ट्रंप?

गलत इस्तेमाल से बढ़ी चिंता

हाल ही में Grok AI के जरिए अश्लील इमेज और एडिटिंग फीचर का गलत इस्तेमाल सामने आया. कुछ लोग महिलाओं और नाबालिगों की तस्वीरों का उपयोग करके अश्लील कंटेंट बना रहे थे. सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया और प्लेटफॉर्म से सख्त कार्रवाई की मांग की.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read