Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

कड़ाके की ठंड पर आस्था भारी, रामलला की एक झलक के लिए उमड़ा भारी जनसैलाब, पहले दिन लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन तो आज भी रात से लगी लाइन

मंगलवार को लगभग 2.5 लाख से 3 लाख भक्त अब तक अयोध्या के राम मंदिर में राम लला की पूजा कर चुके हैं और इतनी ही संख्या में भक्त दर्शन का इंतजार कर रहे हैं.

अयोध्या समेत पूरे देश में प्राण प्रतिष्ठा के बाद जश्न, उत्साह और उल्लास का माहौल है और हो भी क्यों न जब करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक प्रभु श्रीराम लंबे अर्से के बाद अपने घर में लौट आए हैं. वहीं प्राण प्रतिष्ठा के अगले ही दिन से राम मंदिर में भारी भीड़ देखी जा रही है. 22 जनवरी को ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के बाद मंगलवार से राम मंदिर को आम जनता के लिए खोल दिया गया है. उत्तर प्रदेश के सरकारी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को लगभग 2.5 लाख से 3 लाख भक्त अब तक अयोध्या के राम मंदिर में राम लला की पूजा कर चुके हैं और इतनी ही संख्या में भक्त दर्शन का इंतजार कर रहे हैं. रामभक्ति का आलम यह है कि आज दूसरे दिन भी कड़ाके की ठंड में रामलला की पूजा करने के लिए रामपथ पर भारी भीड़ जमा हुई है. वहीं अयोध्या में हनुमान गढ़ी मंदिर में भी भीड़ को देखते हुए मंदिर के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है.

मंगला आरती और दर्शन के लिए आ रहे लोग

अयोध्या के राम मंदिर में आज भी दर्शन के लिए भक्तों में जबर्दस्त उत्साह है. मंगला आरती के साथ ही दर्शन निरंतर जारी है. मौके पर प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, डीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार और स्थानीय अधिकारी मौजूद हैं. आज भीड़ को व्यवस्थित करने में प्रशासन सफल रहा है. वहीं अयोध्या राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रही लोगों की भारी भीड़ पर उत्तर प्रदेश के डीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया, “प्रमुख गृह सचिव और मुझे यहां व्यवस्थाओं को देखने के लिए भेजा गया है. हमने भीड़ प्रबंधन के लिए कतार प्रणाली में सुधार किया है.”

कड़ाके की ठंड पर आस्था भारी

बड़ी संख्या में भक्त मौसम से बेपरवाह श्री राम लला के ‘दर्शन’ के लिए लंबी-लंबी कतारों में लगे हुए हैं. वहीं भीड़ और ठंड को देखते हुए अयोध्या के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि “भीड़ लगातार बनी हुई है और लोगों से दर्शन के लिए जल्दबाजी न करने की अपील की गई है. भीड़ लगातार है लेकिन तैयारी पूरी है. हम वृद्ध और दिव्यांग लोगों से अपील करते हैं कि वे दो सप्ताह बाद अपनी यात्रा का कार्यक्रम बनाएं. मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि दर्शन के लिए जल्दी करने की कोई जरूरत नहीं है. बेहतर तैयारी है, मंदिर सभी के लिए खोला जाएगा.” वहीं इससे पहले, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, विजय कुमार ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर परिसर और उसके आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है क्योंकि भगवान राम लला की पूजा करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है.

पुलिस प्रशासन मुस्तैद

अयोध्या के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा “अंदर, विशेष रूप से मुख्य जगहों पर जहां भक्त दर्शन के लिए जाते हैं, पर्याप्त बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह का कोई दबाव न हो. आने वाले भक्तों को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस, पीसीआर और जल पुलिस को पूरी ताकत से तैनात किया गया है.“

आरएएफ के 1000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती

अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ पहुंच रही है. सुरक्षा के इंतजामों पर आरएएफ डिप्टी कमांडेंट अरुण कुमार तिवारी ने बताया, “कल लोगों को जो परेशानी हुई, आज हमने उसे दुरुस्त करने की कोशिश की है. हमारे लगभग 1000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. ये तैनाती आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी.”

 

इसे भी पढ़ें: “मैंने एक तीर्थयात्री के रूप में अयोध्या धाम की यात्रा की”, रामलला की जन्मभूमि से लौटने के बाद PM Modi ने राष्ट्रपति के पत्र का दिया जवाब

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि भक्तों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े और यह भी कहा कि भक्तों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ आएं तो उन्हें कोई असुविधा न हो. चाहे 50 हजार श्रद्धालु एक साथ आएं या अन्य संख्या में, उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ेगा और सभी जगह में आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest