Bharat Express DD Free Dish

पंजाब के फिरोजपुर में पिकअप और ट्रक की खौफनाक टक्कर, एक ही झटके में 9 लोगों की मौत!

फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर पिकअप और ट्रक की भीषण टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. हादसे के वक्त सभी लोग एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद अमृतसर से लौट रहे थे…

Ferozpur Road Accident: पंजाब के फिरोजपुर जिले से आज सुबह-सुबह एक ऐसी हृदयविदारक और खौफनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे सूबे को झकझोर कर रख दिया है. एक तरफ जहां पूरा परिवार एक बुजुर्ग महिला की मौत के गम से उबर भी नहीं पाया था, वहीं नियति को कुछ और ही मंजूर था.

बता दें कि फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे पर शनिवार सुबह एक महिंद्रा पिकअप वाहन और तेज रफ्तार ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में 9 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिससे पूरे इलाके में कोहराम मच गया है.

 

अंतिम संस्कार के बाद फूल तारने जा रहा था परिवार

दिल दहला देने वाली इस घटना के पीछे की कहानी बेहद दर्दनाक है. जानकारी के मुताबिक, जलालाबाद का एक परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ (कुल 25 से 28 लोग) घर की एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद पिकअप गाड़ी में सवार होकर अस्थियां (फूल) विसर्जित करने अमृतसर जा रहे थे.

गाड़ी अभी फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर हुसैनशाह वाला गांव के पास जंगावाला मोड़ तक ही पहुंची थी कि सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई.

9 शवों से पटा हाईवे(Ferozpur Road Accident)

टक्कर इतनी भयानक थी कि हाइवे पर चारों तरफ खून और लाशों का मंजर बिखर गया. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए फिरोजपुर के एसएसपी (SSP) खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 10 से अधिक घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है.

ये भी पढ़ें-खान सर को पुलिस नहीं कर पाई गिरफ्तार, रातभर चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, छात्रों का जबरदस्त विरोध

अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर (Ferozpur Road Accident) मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं, जिनके करुण क्रंदन से अस्पताल परिसर की हवा गमगीन हो गई है. एक ही झटके में परिवार के कई चिराग बुझने से पूरा जलालाबाद सदमे में है. एसएसपी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में नाकेबंदी कर दी गई है. यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और मोड़ों पर लापरवाही का बड़ा सबक दे गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read