Fit India Movement: दिल्ली की सुबह आज कुछ अलग ही रंग में रंगी नजर आई. जब ज्यादातर लोग रविवार की छुट्टी मनाते हुए देर तक सोने की योजना बना रहे थे, तब राजधानी के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में सैकड़ों युवा जोश और उमंग के साथ ‘संडे ऑन साइकिल’ मुहिम का हिस्सा बनने पहुंच चुके थे. मौका था फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित एक खास साइकिलिंग इवेंट का, जिसका नेतृत्व खुद केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया कर रहे थे. स्टेडियम का नजारा किसी त्योहार जैसा था, जहां साइकिलों की लंबी कतारों के साथ युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
योग, ज़ुम्बा और डांस से शुरूआत
साइकिलिंग शुरू होने से पहले ही माहौल पूरी तरह बन चुका था. युवाओं को वार्म-अप कराने के लिए स्टेडियम में ज़ुम्बा, योग और डांस के सत्र आयोजित किए गए. म्यूजिक की धुन पर थिरकते और योग की मुद्राएं करते युवाओं ने यह साफ कर दिया कि फिटनेस अब बोरियत भरा काम नहीं, बल्कि एक मजेदार अनुभव बन चुका है.
इसके बाद जब खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया साइकिल पर सवार हुए, तो उनके पीछे सैकड़ों युवाओं का काफिला फिटनेस का संदेश देते हुए निकल पड़ा. इस नजारे ने दिल्ली की सड़कों पर एक नई ऊर्जा भर दी.
50 युवाओं से शुरू हुई मुहिम बनी ‘जन आंदोलन’
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. मांडविया ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि इस सफर की शुरुआत काफी छोटी थी. उन्होंने कहा कि महज 2 साल पहले जब हमने इस कार्यक्रम की नींव रखी थी, तब सिर्फ 50 युवा हमारे साथ जुड़े थे. लेकिन आज का मंजर कुछ और ही है. आज न केवल दिल्ली, बल्कि देश के 16 हजार अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
मांडविया ने गर्व के साथ कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ अब सिर्फ एक सरकारी इवेंट नहीं रह गया है, बल्कि ये एक जन आंदोलन बन चुका है, जो हर रविवार लाखों भारतीयों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है.
विकसित भारत के लिए फिटनेस जरूरी
युवाओं को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने फिट इंडिया का जो सपना देखा है, वह दरअसल ‘विकसित भारत’ की बुनियाद है.
खेल मंत्री के अनुसार, अगर हमें भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो सबसे पहले यहां के नागरिकों का स्वस्थ रहना जरूरी है. उन्होंने युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए आइए हम सब इस मूवमेंट का हिस्सा बनें.
मांडविया ने जोर देकर कहा कि स्वस्थ देश ही समृद्ध देश बन सकता है और फिट इंडिया का नारा तभी मजबूत होगा जब देश का हर युवा अपनी सेहत को लेकर जागरूक होगा.
ये भी पढ़ें: आरडी बर्मन के बदौलत आशा ताई को मिला था मुकाम, लता को छोड़ जताया था भरोसा; जानें कैसे थे रिश्ते?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


