Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का निधन, 81 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, बेटे हेमंत सोरेन बोले- आज मैं शून्य हो गया हूं

शिबू सोरेन वर्तमान में राज्यसभा सांसद थे. वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और अध्यक्ष थे. शिबू सोरेन दुमका लोकसभा सीट से 8 बार सांसद रह चुके थे. 11 जनवरी 1944 को उनका जन्म हजारीबाग में हुआ था. 

Shibu Soren

झारखंड के पूर्व सीएम और JMM अध्यक्ष शीबू सोरेन का निधन.

झारखंड के पूर्व सीएम और जेएमएम के संस्थापक शिबू सोरेन (Shibu Soren) का 81 साल की उम्र में निधन हो गया. वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे. उनका इलाज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा था.

Shibu Soren के निधन की जानकारी सीएम हेमंत ने दी

झारखंड के सीएम और शिबू सोरेन (Shibu Soren) के बेटे हेमंत सोरेन ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए निधन की जानकारी दी. उन्होंने लिखा-“आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं. आज मैं शून्य हो गया हूँ…”

शिबू सोरेन (Shibu Soren) के निधन की खबर मिलते ही झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. शिबू सोरेन का संपूर्ण राजनीतिक जीवन आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय पहचान की लड़ाई को समर्पित रहा. उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई और आदिवासी समाज की आवाज को संसद तक पहुंचाया.

दिशोम गुरु के नाम से भी जाना जाता था

शिबू सोरेन (Shibu Soren) का जन्म बिहार के हजारीबाग में 11 जनवरी 1944 को हुआ था. उन्हें दिशोम गुरु के नाम से जाना जाता था. उन्होंने आदिवासियों के शोषण के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी थी. 1977 में उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, 1980 से वह लगातार कई बार सांसद चुने गए.

बिहार से अलग राज्य ‘झारखंड’ बनाने के आंदोलन में भी उनकी निर्णायक भूमिका रही है. वे तीन बार (2005, 2008, 2009) झारखंड के मुख्यमंत्री बने, लेकिन एक बार भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके.

यह भी पढ़े-ं बुझ गया आदिवासी आंदोलन का दीपक! कौन थे शिबू सोरेन जिन्होंने झारखंड बनाने में निभाई अहम भूमिका?

पीएम मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए एक्स पर लिखा- श्री शिबू सोरेन जी एक ज़मीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ. वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे. उनके निधन से दुःख हुआ. मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं. झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की. ॐ शांति.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest