प्रियागोल्ड बिस्कुट में मिला चोकर
FSSAI Action On Priyagold Biscuits: खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है. प्राधिकरण ने प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने वाली कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड, डोडला डेयरी लिमिटेड और यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है. इसके अलावा तीन अन्य कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं.
FSSAI के मुताबिक, सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड पर प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने में पशु आहार के लिए इस्तेमाल होने वाली चोकर (ब्रान) का इस्तेमाल करने का आरोप है. खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के चलते कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है.
वहीं, डोडला डेयरी लिमिटेड के फुल क्रीम दूध का नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया. दूसरी ओर यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बेची जाने वाली पीली किशमिश में कीटनाशकों के अवशेष मिले हैं. इन मामलों को खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए दोनों कंपनियों के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है.

तीन अन्य कंपनियों को नोटिस
इन कंपनियों के अलावा FSSAI ने नरपाधम फूड्स, सन रिजेज हेल्थ केयर्स और मेसर्स शाह कांतिलाल जयंतीलाल को भी नोटिस जारी किए हैं. जानकारी के अनुसार इन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की वजहों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है.
खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं
FSSAI ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा और लोगों की सेहत से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्राधिकरण ने नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है.
बता दें कि FSSAI ने कुछ दिनों पहले ‘फ्रीडम कुकिंग राइस ब्रान ऑयल’ (Freedom Cooking Rice Bran Oil) के भ्रामक विज्ञापनों और दावों को लेकर बिगबास्केट, फ्लिपकार्ट और जेमिनी एडिबल्स जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को शो-कॉज नोटिस जारी किया है. आरोप है कि कंपनी ने तेल पर ‘खराब कोलेस्ट्रॉल कम करने’ जैसे भ्रामक दावे किये थे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



