गांधी होने का अर्थ यह नहीं है कि हम 1920 में वापस चले जाएं. गांधी होने का अर्थ यह है कि 2027 की नई और जटिल समस्याओं का सामना 1920 के नैतिक साहस, सत्य और आत्मअनुशासन के साथ किया जाए. समय बदल गया है, तकनीकें बदल गई हैं और समाज के सामने चुनौतियां भी बदल गई हैं, लेकिन सही रास्ते की तलाश आज भी उतनी ही जरूरी है.
आज के दौर का सत्याग्रह और अहिंसा
आज का सत्याग्रह केवल सड़क पर बैठने या आंदोलन करने तक सीमित नहीं है. यह आपके अपने मोबाइल फोन से शुरू हो सकता है. बिना जांचे किसी खबर को आगे न बढ़ाने से, झूठ और अफवाहों को फैलाने से बचने से और सच के पक्ष में खड़े होने से. आज की अहिंसा का मतलब केवल हिंसा से दूर रहना नहीं, बल्कि अपने विरोधी के लिए भी सम्मान बनाए रखना है. आपकी किसी के साथ असहमति हो सकती है, लेकिन उसे गाली, नफरत और व्यक्तिगत हमले में बदलना जरूरी नहीं है.
बदलते समय में स्वदेशी और स्वराज की नई परिभाषा
इसी तरह आज का स्वदेशी केवल विदेशी वस्तुओं का विरोध करना नहीं, बल्कि स्थानीय श्रम, कारीगरों, छोटे कारोबारियों और अपने आसपास के लोगों के काम का सम्मान करना भी है. आज का स्वराज केवल शासन व्यवस्था का सवाल नहीं है. यह अपने लालच, क्रोध, अहंकार और पूर्वाग्रहों पर नियंत्रण रखने की क्षमता से भी जुड़ा है.
बदलाव की शुरुआत खुद से करें
जीवन में परिवर्तन की शुरुआत हमेशा दूसरों से करने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले स्वयं को बदलना होगा. फिर अपने घर, परिवार और आसपास के माहौल में बदलाव की कोशिश करनी होगी. उसके बाद संस्था और समाज के स्तर पर सवाल उठाने होंगे और जब जरूरत पड़े, तब व्यवस्था से भी जवाब मांगना होगा.
ये भी पढ़ें-दिल्ली में सिर्फ 35 लाख में मिलेगा आशियाना? जानिए DDA की ‘जनता आवास योजना’ के दूसरे चरण का पूरा शेड्यूल
लोकतंत्र में सवाल पूछना क्यों जरूरी है?
अगर आप सत्ता-व्यवस्था से सवाल नहीं पूछेंगे, तो आप खुद को सच्चे लोकतंत्र का समर्थक नहीं कह सकते. शायद गांधी के विचारों को आज के समय में जीवित रखने का यही रास्ता है. गांधी को केवल स्मारकों, तस्वीरों और किताबों में याद करने के बजाय उनके मूल विचारों को रोजमर्रा के जीवन में उतारना होगा. क्योंकि असली बदलाव बड़े नारों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत फैसलों और जिम्मेदार नागरिक के व्यवहार से शुरू होता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

