Urdu Conclave 2026

Gandhi Jayanti: राहुल-अखिलेश और केजरीवाल समेत विपक्षी नेताओं ने महात्मा गांधी को किया नमन

Gandhi Jayanti: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया.

Gandhi Jayanti: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. विपक्षी नेताओं ने गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए सत्य, अहिंसा, सौहार्द और मानवता के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया.

शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा

नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “सत्य, अहिंसा और सौहार्द के सिद्धांतों से भारत को एकजुट करने वाले बापू के आदर्श हमें नफरत के सामने शांति, भाईचारे, सच्चाई और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें सादर नमन.”

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गांधी-शास्त्री जयंती और दशहरा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सत्य एकमुखी होता है और असत्य दशमुखी. आज सत्य की जीत का दिन है और उन महापुरुषों की जंयती का भी जिन्होंने सत्य और सादगी को ही जीवन माना. आज बस सत्य का ही उत्सव है. समस्त विश्व को दशहरा और गांधी-शास्त्री जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं.”

अच्छी शिक्षा, अच्छा इलाज व भाईचारे का सपना

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “गांधी जी का सपना था एक ऐसा देश जहां हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले, हर जरूरतमंद को अच्छा इलाज मिले और जहां सभी धर्म और जाति के लोग भाईचारे से एक साथ रहें. आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर हम उन्हें श्रद्धा से याद कर रहे हैं और उनकी प्रेरणा से उनके सपनों का भारत बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं.”

महात्मा गांधी युगपुरुष

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने गांधी जी को नमन करते हुए एक्स पर लिखा, “पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह का मार्ग दिखाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें मेरा श्रद्धापूर्वक नमन. महात्मा गांधी युगपुरुष थे, उन्होंने पूरी दुनिया को दिखाया कि सत्य और अहिंसा के बल पर तानाशाही को खत्म किया जा सकता है. गांधी दर्शन द्वारा ही दुनिया में शांति स्थापित की जा सकती है. आज उनकी जयंती पर उनके दिए सिद्धांतों को हमें याद करना चाहिए तथा अपने जीवन में उनका पालन करने का प्रयास करना चाहिए.”

सपा सांसद डिंपल यादव ने भी गांधी जयंती की बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन.” इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गांधी जयंती पर बधाई देते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, शांति और मानवता का गांधीजी का अमर संदेश हमेशा याद रहेगा.

ये भी पढ़ें: RSS के 100 साल पूरे, मोहन भागवत ने समाज में एकता और सहिष्णुता बनाए रखने की अपील की

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read