Gaurav Gogoi Pakistan link: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. असम कैबिनेट ने उनके कथित पाकिस्तान लिंक को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला मानते हुए जांच के लिए गृह मंत्रालय को भेजने का फैसला किया है. असम सरकार अब गौरव गोगोई से जुड़े FIR और एसआईटी रिपोर्ट को दिल्ली भेजेगी.
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कैबिनेट की बैठक कर यह निर्णय लिया. प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई के मामले में गठित SIT की जांच सरकार को सौंप दी गई है. यह मामला बेहद ही संवेदनशील और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है.
हालांकि SIT की रिपोर्ट पूरी तरह से सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन उसके कुछ हिस्सों को जनता के सामने लाने का फैसला किया गया है. असम सीएम ने कहा है कि आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो गोपनीय जानकारी नहीं है, उसे सार्वजनिक की जाएगी. कैबिनेट ने उन्हें यह जिम्मा सौंपा है.
क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान लिंक मामले में कुल तीन किरदार हैं. जिसमें सांसद गौरव गोगोई, उनकी ब्रिटिश पत्नी और पाकिस्तान के एक नागरिक अली तौकीर शेख शामिल हैं.
असम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का पाकिस्तान से संबंध हैं. उन्होंने दावा किया है कि गौरव गोगोई की पत्नी जो कि ब्रिटिश नागरिक हैं, वो पहले एक ऐसे NGO से जुड़ी हुई थीं, जो पाकिस्तान के हितों को साधने के लिए काम करता था. यहीं नहीं असम सीएम का यह भी आरोप है कि गौरव गोगोई पहले पाकिस्तान का दौरा कर चुके हैं.
हिमंता का आरोप है कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबोर्न, मार्च 2011 से 2012 तक पाकिस्तान में काम कर चुकी हैं. उनका संबंध अली तौकीर शेख से था. साल 2014 से पहले शेख खुद भारत कई बार आ चुका था.
पाकिस्तानी अधिकारियों से मुलाकात का आरोप
सीएम सरमा का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि गौरव गोगोई एक डेलिगेशन के साथ पाकिस्तान हाई कमीशन गए थे और उस समय भारत में पाकिस्तान के पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित से मुलाकात की थी.
ये भी पढ़ें- मुस्लिम आबादी बढ़ने से डरा अमेरिका! ट्रंप के सांसद बोले- टेक्सस में पाकिस्तान जैसा लग रहा है माहौल
गोगोई से SIT ने नहीं की है पूछताछ
असम सीएम सरमा का कहना है कि गौरव गोगोई मौजूदा सांसद हैं. इसलिए एसआईटी ने राजनीतिक मामला समझते हुए उनसे पूछताछ नहीं की है. इसलिए ये मामला अब केंद्र सरकार को सौंपा गया है. अगर असम सरकार उनकी गिरफ्तारी करती तो उसपर राजनीति करने का आरोप लग सकता है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असम के मौजूदा सांसद, जब उनके पिता तरुण गोगोई असम के मुख्यमंत्री थे तब पाकिस्तान की यात्रा की थी. जिसकी जानकारी उन्होंने केंद्र को नहीं दी थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



