दिल्ली पुलिस ने पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे द्वारा लिखी गई अप्रकाशित पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित तौर पर बिना अनुमति ऑनलाइन प्रसार के मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की है. पुलिस ने इस मामले का संज्ञान तब लिया, जब सोशल मीडिया और कई डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म्स पर यह जानकारी सामने आई कि पुस्तक की प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट पर उपलब्ध कराई गई है, जबकि इसके आधिकारिक प्रकाशन की अनुमति अभी तक संबंधित प्राधिकरणों से नहीं मिली है.
ऑनलाइन किताब के PDF उपलब्ध
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई इसी शीर्षक वाली पुस्तक की एक टाइपसेट पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइटों पर पाई गई. इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन शॉपिंग और मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स पर पुस्तक का अंतिम कवर भी प्रदर्शित किया जा रहा था, जिससे यह संकेत मिल रहा था कि किताब बिक्री के लिए उपलब्ध है, जबकि वास्तव में इसका प्रकाशन अब तक स्वीकृत नहीं हुआ है.
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में एफआईआर दर्ज की गई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह प्री-प्रिंट या पीडीएफ कॉपी कहां से लीक हुई, किसने इसे ऑनलाइन अपलोड किया और क्या इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही है और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के साथ समन्वय स्थापित कर स्रोत तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या प्रकाशन प्रक्रिया के दौरान किसी स्तर पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ और क्या पुस्तक की सामग्री का प्रसार किसी कानून के तहत अपराध की श्रेणी में आता है.
ये भी पढ़ें: नरवणे की किताब पर बवाल! ऐसा पहली बार नहीं हुआ, पहले भी जनरल की कलम और सरकार के बीच हो चुकी है जंग
राहुल गांधी ने किया जिक्र
यह पूरा घटनाक्रम उस समय और अधिक चर्चा में आ गया, जब एक सप्ताह पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद परिसर के भीतर कथित तौर पर इस पुस्तक की एक प्रति पकड़े हुए देखा गया था. इसके बाद संसद में इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस हुई, जिससे लोकसभा की कार्यवाही बाधित रही. विवाद बढ़ने पर बजट सत्र के शेष समय के लिए आठ सांसदों को निलंबित भी कर दिया गया था. फिलहाल, दिल्ली पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


