Giridih Food Poisoning Golgappa: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां चाव से खाए गए गोलगप्पे मासूमों के लिए ‘जहर’ बन गए. दरअसल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बजटो-कुम्हरगढ़िया गांव में गोलगप्पे खाने के बाद 18 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए, जिनमें से एक 6 साल के मासूम रंजन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना (Food Poisoning Risk) ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. वहीं बता दें कि फिलहाल 17 बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
जानिए क्या है पूरा मामला?(Giridih Food Poisoning)
परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम गांव में एक गोलगप्पा बेचने वाला आया था. बच्चों ने लाइन लगाकर गोलगप्पे खाए, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चों को लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. घबराए परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज की कोशिश की, लेकिन जब सुधार नहीं हुआ तो आनन-फानन में सबको सदर अस्पताल भर्ती कराया गया. अस्पताल में भर्ती होने वालों में शिवम (12), दिवाकर (12), मनिता (13) समेत कई मासूम और एक 19 वर्षीय युवती भी शामिल है.
गर्मी में क्यों ‘जहर’ बन जाता है बाहर का खाना?(Food Poisoning Risk)
विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्मियों में तापमान बढ़ने के साथ ही बैक्टीरिया और वायरस बहुत तेजी से पनपते हैं. स्ट्रीट फूड, खासकर गोलगप्पे के पानी में इस्तेमाल होने वाला दूषित पानी और खुले में रखे मसाले बहुत जल्दी खराब हो जाते हैं. अगर गोलगप्पे बेचने वाला साफ-सफाई का ध्यान न रखे या बासी पानी का इस्तेमाल करे, तो यह सीधे तौर पर ‘फूड पॉइजनिंग’ (Food Poisoning) का कारण बनता है. बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) कम होने के कारण उनके शरीर पर इसका असर सबसे घातक होता है.
गोलगप्पे के शौकीन जान लें ये बातें
स्ट्रीट फूड खाते समय आपकी थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा (Food Poisoning Risk) हो सकती है. हमेशा ध्यान रखें:
पानी की शुद्धता: देखें कि दुकानदार फिल्टर या साफ पानी का इस्तेमाल कर रहा है या नहीं.
साफ-सफाई: क्या दुकानदार ने ग्लव्स पहने हैं? क्या वह बार-बार गंदे हाथों से पानी को छू रहा है?
ताजगी: बासी आलू या चटनी पेट में संक्रमण का सबसे बड़ा जरिया बनते हैं.
बर्तन: गोलगप्पे खिलाने वाले बर्तनों की सफाई पर जरूर गौर करें.
ये भी पढ़ें: बंगाल में मतगदान से पहले NIA की एंट्री, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश; जानें क्या है मामला?
प्रशासन हुआ अलर्ट, जांच के आदेश
6 साल के मासूम की मौत के बाद जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है. अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और उस गोलगप्पे वाले की तलाश की जा रही है जिसने गांव में सामान बेचा था. डॉक्टर लोगों को सलाह दे रहे हैं कि चिलचिलाती गर्मी और लू के इस मौसम में बाहर के कटे हुए फल, खुला जूस और असुरक्षित स्ट्रीट फूड से जितना हो सके परहेज करें, ताकि ऐसी अनहोनी से बचा जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


