गोल्डी बराड़ का सनसनीखेज कबूलनामा
Goldy Brar Audio Claim: कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी अब आतंकी घोषित गोल्डी बराड़ ने ली है. 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. करीब तीन साल बाद इंटरनेट मीडिया पर सामने आए एक कथित ऑडियो में बराड़ को आतंकी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा से बातचीत करते हुए सुना गया जिसमें वह दावा करता है कि निज्जर को उसी ने निशाना बनवाया था. हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
निज्जर को लेकर क्यों था गुस्सा?
ऑडियो में बराड़ कहता है कि उसके भाइयों की हत्या के बाद सुक्खा दुनेके और अर्श डल्ला जैसे लोग निज्जर की कोठी में रहते थे. बराड़ के मुताबिक उन्हीं जगहों पर बैठकर उसके भाइयों को मारने की साजिश रची गई थी. इसी वजह से उसके भीतर निज्जर के खिलाफ गुस्सा था और उसने उसे छोड़ने का इरादा नहीं किया.
गुरुद्वारे के परिसर में क्यों नही चली गोली?
बराड़ ने बातचीत में कहा कि गुरुद्वारे की इज्जत के चलते परिसर के अंदर गोली नहीं चलाई गई. हमलावरों ने निज्जर के बाहर आने का इंतजार किया. उसे लगा था कि अर्श डल्ला भी निज्जर के साथ मौजूद है. अगर उस वक्त अर्श डल्ला भी मारा जाता तो उसे बार-बार सफाई देने की जरूरत नहीं पड़ती.
निज्जर को कैसे मारा गया?
18 जून 2023 को निज्जर अपने ट्रक से गुरुद्वारे की पार्किंग से बाहर निकल रहा था. तभी एक सफेद रंग की कार ने उसका रास्ता रोक दिया. दो नकाबपोश हमलावरों ने ड्राइविंग सीट की तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. करीब 50 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से 34 गोलियां निज्जर को लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हमलावर बाद में एक दूसरी कार से फरार हो गए.
जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर क्या आरोप लगाया था?
निज्जर की हत्या के बाद कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर आरोप लगाया था कि इसमें भारतीय एजेंटों की भूमिका हो सकती है. भारत ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें राजनीति से प्रेरित बताया. इस घटना के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव बढ़ गया.
बराड़ पहले से ही आतंकी घोषित
भारत सरकार ने जनवरी 2024 में गोल्डी बराड़ को यूएपीए के तहत आतंकी घोषित किया था. उस पर हत्या, जबरन वसूली और आतंकी नेटवर्क चलाने के आरोप हैं. पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी उसका नाम प्रमुख आरोपितों में शामिल है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


