Bharat Express DD Free Dish

2021 से फरार टॉप-10 अपराधी गोलू चौधरी गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली बड़ी सफलता

Golu Chaudhary Arrest: मुजफ्फरपुर के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल गोलू चौधरी को STF और साहेबगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया. आरोपी 2021 से लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में फरार चल रहा था.

Golu Chaudhary Arrest

Golu Chaudhary Arrest

Golu Chaudhary Arrest: मुजफ्फरपुर जिले में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी गोलू चौधरी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एसटीएफ (STF) और साहेबगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को दबोचा गया. गोलू चौधरी वर्ष 2021 से फरार था और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है.

2021 के लूटकांड के बाद से था फरार

पुलिस के मुताबिक, गोलू चौधरी वर्ष 2021 में दर्ज एक लूटकांड और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित था. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी. गुप्त सूचना मिलने के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया.

कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. उसके खिलाफ लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल करने जैसे कई संगीन मामले साहेबगंज थाने में दर्ज हैं. पुलिस उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: क्या बचाया जा सकता था मासूम को? अमायरा के नए वीडियो ने स्कूल प्रशासन के दावों की खोलकर रख दी पोल

पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

गिरफ्तारी के बाद गोलू चौधरी से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान उसके गिरोह, सहयोगियों और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी अन्य मामले में उसकी संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे.

अपराध नियंत्रण अभियान रहेगा जारी

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read