Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद शहर में गुरुवार दोपहर एक दिल को झकझोर देने वाली विमान दुर्घटना हुई, जिसने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है. एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के गैटविक एयरपोर्ट की ओर जा रही थी. उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हादसे का शिकार हो गई. इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे. अब तक सिर्फ दो लोगों के जीवित बचने की पुष्टि हुई है, जबकि शेष सभी के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ किया था. लेकिन उड़ान भरने के ठीक एक मिनट बाद, यानी दोपहर 1:39 बजे, विमान ने अचानक नियंत्रण खो दिया और 825 फीट की ऊंचाई से गिरते हुए एयरपोर्ट की सीमा के पास एक इमारत से टकरा गया. टक्कर के तुरंत बाद विमान में विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई. विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक मौजूद थे. इसके अतिरिक्त, दो पायलट और दस केबिन क्रू मेंबर भी इस फ्लाइट का हिस्सा थे.
जैमी रे मीक का आखिरी वीडियो भावुक कर गया
इस हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे ब्रिटिश नागरिक जैमी रे मीक ने उड़ान से ठीक पहले अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. वीडियो में जैमी मुस्कुराते हुए अहमदाबाद एयरपोर्ट से भारत को अलविदा कह रहे हैं.
इस वीडियो में ये लोग कह रहे हैं कि, “हम अभी एयरपोर्ट पर हैं और बोर्डिंग कर रहे हैं. 10 घंटे की फ्लाइट के बाद इंग्लैंड पहुंच जाएंगे. अलविदा इंडिया.” इसके बाद वह अपने साथी से मज़ाक में कहते हैं, “सबसे बड़ा सबक यही है कि अपने पार्टनर से नाराज़ मत होइए,” और मुस्कुराते हुए कहते हैं, “मैं खुशी-खुशी घर लौट रहा हूं.”
🚨 Jamie Ray Meek, a British citizen listed as a passenger on Air India Flight 171, reportedly shared a final Instagram Story shortly before takeoff.
He appears on the official manifest under GBR 149261531. A video believed to be his last post.#India #Crash #Ahmedabad #Boeing… pic.twitter.com/KmSpz9iOi9
— the Pulse (@thePulseGlobal) June 12, 2025
इस भावुक वीडियो को @thePulseGlobal नाम के एक एक्स (पूर्व में ट्विटर) यूजर ने शेयर किया, जो हादसे के बाद तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है. लोगों ने जैमी को श्रद्धांजलि देते हुए शोक व्यक्त किया. एक यूजर ने लिखा, “बेहद दुखद… कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया.” वहीं दूसरे ने कहा, “जैमी की आत्मा को शांति मिले.”
ये भी पढ़ें: Ahmedabad Plane Crash: मृतकों के परिवारों को एक करोड़ रुपए की मदद देगा टाटा ग्रुप
हादसे के वक्त उस इमारत में करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे
दुर्घटनाग्रस्त विमान जिस इमारत से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में कार्यरत कई डॉक्टर रहते हैं. हादसे के वक्त उस इमारत में करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे, जिनमें से 15 से ज्यादा डॉक्टर घायल हुए हैं. घटना स्थल पर मिले शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है. अधिकतर की पहचान अब केवल डीएनए जांच के जरिए ही हो सकेगी.
पूरा देश इस दुखद घटना से स्तब्ध है और सोशल मीडिया पर शोक संदेशों का तांता लगा हुआ है. प्रधानमंत्री और कई अन्य नेताओं ने हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट की है. जांच एजेंसियां अब हादसे के कारणों की तह तक जाने में जुट गई हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



