Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

भारतीय रेल नेटवर्क में 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं शामिल, लोकसभा में सरकार ने दी जानकारी

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव विभिन्न राजनीतिक दलों के 9 सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे रहे थे, जो महाराष्ट्र के साथ-साथ नई दिल्ली-काठगोदाम मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने के पीछे के औचित्य, उनकी क्षमता, सुविधाओं और यात्रियों की संख्या के बारे में जानना चाहते थे.

वंदे भारत ट्रेन. (फोटो: IANS)

सरकार ने लोकसभा को बताया कि 21 नवंबर तक 136 वंदे भारत ट्रेनें बेहतर सुरक्षा सुविधाओं और आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ चालू थीं. बुधवार (27 नवंबर) को एक लिखित जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन सुरक्षा सुविधाओं और आधुनिक यात्री सुविधाओं में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच, तेज गति, स्वचालित प्लग दरवाजे, बेहतर आराम, हॉट केस के प्रावधान के साथ मिनी पेंट्री, बॉटल कूलर, डीप फ्रीजर और हॉट वॉटर बॉयलर आदि शामिल हैं.

9 सांसदों ने पूछा था सवाल

मंत्री विभिन्न राजनीतिक दलों के 9 सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे रहे थे, जो महाराष्ट्र के साथ-साथ नई दिल्ली-काठगोदाम मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने के पीछे के औचित्य, उनकी क्षमता, सुविधाओं, यात्रियों की प्रतिक्रिया और सेवाओं के बारे में जानना चाहते थे. वैष्णव ने कहा, ‘वर्तमान में 22 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं आरंभिक या अंतिम आधार पर महाराष्ट्र राज्य में स्थित स्टेशनों की जरूरतों को पूरा कर रही हैं.’

उन्होंने कहा, ‘दिल्ली-काठगोदाम सेक्टर में तीन जोड़ी मेल/एक्सप्रेस सेवाएं उपलब्ध हैं, जिनमें 12039/40 काठगोदाम-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस भी शामिल है. इसके अलावा वंदे भारत सेवा और इसके प्रकारों सहित नई रेल सेवाओं की शुरुआत भारतीय रेलवे पर एक सतत प्रक्रिया है, जो यातायात औचित्य, परिचालन व्यवहार्यता, संसाधन उपलब्धता आदि के अधीन है.’


ये भी पढ़ें: भारतीय सेना की बढ़ी ताकत, 3,500 किमी रेंज वाली पनडुब्बी से प्रक्षेपित बैलिस्टिक मिसाइल का हुआ सफल परीक्षण


स्पीड कम करने का प्रस्ताव नहीं

वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत सेवाओं को मार्ग में अधिकतम स्वीकार्य गति से संचालित किया जा रहा है, ताकि गति क्षमता का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और गति को कम करने का कोई प्रस्ताव नहीं है.

यात्रियों की संख्या के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए वैष्णव ने कहा, ‘भारतीय रेलवे में आरक्षित सीटों की मांग का पैटर्न पूरे वर्ष एक समान नहीं रहता है और यह कम और व्यस्त अवधि के दौरान अलग-अलग होता है. इसके अलावा कम ठहराव और कम चलने वाले समय के साथ लोकप्रिय और सुविधाजनक समय पर चलने वाली ट्रेनों को आम तौर पर अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है. 2024-25 (अक्टूबर तक) के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल क्षमता 100 प्रतिशत से अधिक है.’

मंत्री ने कहा, ‘भारतीय रेलवे पर राज्यवार और ट्रेनवार औसत आय का रखरखाव नहीं किया जाता है. रेल यात्री रेल मदद पोर्टल के रेल अनुभव के माध्यम से रेलवे द्वारा दी जाने वाली सेवाओं पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हैं. 03/07/2024 से 20/11/2024 की अवधि के दौरान, रेल अनुभव के माध्यम से वंदे भारत ट्रेनों पर कुल 51,346 प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital