Bharat Express DD Free Dish

गुड़ामालानी में युवक की मौत के बाद बढ़ा तनाव, मोर्चरी के बाहर हजारों ग्रामीणों का धरना जारी

Balotra ANTF Action: बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कार्रवाई के दौरान हुई एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को मृतक के परिजनों और हजारों ग्रामीणों ने मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया.

Balotra ANTF Action

Balotra ANTF Action

रिपोर्ट – मनोज बिश्नोई


Balotra ANTF Action: बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कार्रवाई के दौरान हुई एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को मृतक के परिजनों और हजारों ग्रामीणों ने मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया, जो देर शाम तक जारी रहा. प्रदर्शनकारी दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं.

जानकारी के अनुसार, सोमवार को एएनटीएफ की टीम शराब से भरी एक संदिग्ध गाड़ी का पीछा कर रही थी. इसी दौरान पीछा की जा रही गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. हादसे में वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का उपचार जारी है.

परिजनों ने एएनटीएफ पर लगाए गंभीर आरोप

घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने एएनटीएफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि टीम ने केवल पीछा नहीं किया, बल्कि अपने वाहन से उनकी गाड़ी को टक्कर मारी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और हादसा हुआ. परिजनों का यह भी आरोप है कि घायल को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई. साथ ही उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान टीम ने तस्करों के वाहन का इस्तेमाल किया.

घटना के बाद सोमवार को भी परिजनों और ग्रामीणों ने गुड़ामालानी पुलिस थाने के बाहर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन किया था. दिनभर चली वार्ता के बावजूद प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी.

मोर्चरी परिसर के बाहर जुटने लगे ग्रामीण

मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ी संख्या में ग्रामीण मोर्चरी परिसर के बाहर जुटने लगे. देखते ही देखते धरना स्थल पर हजारों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई. आसपास के गांवों से भी लगातार लोग मौके पर पहुंचते रहे. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है.

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. मौके पर गुड़ामालानी के डिप्टी एसपी सुखराम बिश्नोई, सिवाना के डिप्टी एसपी गिरधर सिंह, गुड़ामालानी थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सुथार सहित भारी पुलिस बल तैनात है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी लगाया गया है.

ये भी पढ़ें- अल नीनो और खरीफ सीजन की तैयारियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय की बड़ी समीक्षा, मानसून की स्थिति और राज्यों की तैयारियों का लिया गया जायजा

फिलहाल प्रशासन प्रदर्शनकारियों से वार्ता के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है, जबकि परिजन और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं. मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read