Gurmeet Ram Rahim Parole: रेप मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल मिल गई है. जिला कारागार सुनारिया से मंजूरी मिलने के बाद वह सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के लिए रवाना होंगे. पिछले आठ सालों में यह 15वीं बार है जब राम रहीम जेल से बाहर आ रहे हैं. 2026 में यह उनकी पहली रिहाई होगी.
शाह सतनाम जी के जन्म माह पर पैरोल
पैरोल उन्हें डेरा सच्चा सौदा के दूसरे गुरु शाह सतनाम जी के जन्म माह के अवसर पर दी गई है. राम रहीम के सिरसा आगमन से पहले डेरा परिसर में तैयारियां शुरू हो गई हैं और हलचल तेज हो गई है. बाबा को बार-बार पैरोल मिलने पर राजनीति भी गरमाती रहती है. इस साल यह उनकी चौथी रिहाई है. पिछली बार भी उन्हें 40 दिन की पैरोल दी गई थी.
पहले भी मिली फरलो और पैरोल
इससे पहले अप्रैल में राम रहीम को 21 दिन की फरलो और जनवरी में 30 दिन की पैरोल दी गई थी. वह 2017 से सुनारिया जेल में सजा काट रहे हैं. अगस्त 2017 में दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में उन्हें 20 साल की सजा सुनाई गई थी. इस फैसले के बाद पंचकूला और सिरसा में हिंसा हुई थी, जिसमें करीब 40 लोग मारे गए थे.
ये भी पढ़ें-पांच राज्यों के चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी, असम की कमान प्रियंका गांधी के हाथों में
हत्या मामले में आजीवन कारावास
साल 2019 में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी राम रहीम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. हालांकि, उनकी पैरोल पर लगातार सवाल उठते रहे हैं और विरोध भी होता रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

