आरोपी कल्याण बैंसला गिरफ्तार
Gurugram Hit and Run Case: गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है. गोल्फ कोर्स रोड पर हुई इस घटना का वीडियो महिला की बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया.
हादसे के बाद गुरुग्राम पुलिस ने क्या कहा?
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद केस में BNS की धारा 109 भी जोड़ दी गई है. थाना सेक्टर-56 में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान की.
महिला बाइक राइडर के आरोप
पीड़िता सिया ने बताया कि वह रविवार सुबह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 बाइक से गोल्फ कोर्स रोड पर कुछ अन्य बाइकर्स के साथ जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आई कार ने उसका पीछा किया. सिया का आरोप है कि कार सवारों ने उसके साथ बदसलूकी की और जानबूझकर उसकी बाइक को टक्कर मारी.
सड़क पर घिसटती रही बाइक
टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गई और कई मीटर तक घिसटती चली गई. यह पूरी घटना बाइक पर लगे फ्रंट कैमरे में कैद हो गई. बाद में सिया ने वीडियो और कार की जानकारी इंस्टाग्राम पर साझा की, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया.
हादसे के बाद सिया ने क्या बताया?
सिया ने बताया कि हादसे के बाद उसके साथी बाइकर्स ने कार चालक को रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने गलती मानने के बजाय बाइकर्स को ही दोषी ठहराया. आरोप है कि कार चालक नशे में था और रेड लाइट तोड़कर मौके से फरार हो गया.
ये भी पढ़ें-पुरानी रंजिश या गैंगवार? आया नगर में जिम ट्रेनर को 4 गोलियां मारकर हत्या, भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी
पुलिस की सख्त कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कहा है कि कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस ने पीड़िता के कालकाजी स्थित घर जाकर भी मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की. अधिकारियों का कहना है कि इस केस में हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
