Urdu Conclave 2026

ग्वालियर का ‘खूनी’ इश्क! 50 हजार में प्रेमिका का सौदा, गैंगरेप और फिर पेट्रोल से जला दी 15 साल की मासूम

Minor Gangrape Murder Case Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. भिंड के मौ से लापता 15 साल की नाबालिग से बॉयफ्रेंड रामू गुर्जर और उसके दोस्तों ने गुप्तेश्वर पहाड़ी पर गैंगरेप किया, हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को पेट्रोल से जला दिया.

gwalior-minor-girl-gangrape-murder-burnt-alive-boyfriend-ramu-gurjar-arrested

Minor Gangrape Murder Case Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठे. जिस बॉयफ्रेंड पर भरोसा करके एक 15 साल की मासूम लड़की घर से भाग आई थी, उसी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर न सिर्फ उसकी आबरू लूटी, बल्कि उसे 50 हजार रुपए में बेचने का सौदा भी कर लिया. जब लड़की ने इसका विरोध किया, तो दरिंदों ने गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए लाश पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

जेवर लेकर बॉयफ्रेंड के साथ भागी थी मासूम

यह पूरी खौफनाक साजिश 28 मई को शुरू हुई. भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 साल की लड़की अपने प्रेमी रामू गुर्जर के बहकावे में आ गई. वह घर से नकदी और कुछ जेवरात समेटकर रामू के साथ उसकी ‘बुलेट’ बाइक पर बैठकर ग्वालियर आ गई. लड़की के अचानक गायब होने पर बदहवास पिता ने उसी दिन मौ थाने में अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी. उन्हें शक था कि रामू उनकी बेटी को परेशान करता था.

शराब, दरिंदगी और 50 हजार में सौदा!

ग्वालियर पहुंचने के बाद रामू गुर्जर अपनी प्रेमिका को लेकर जनकगंज थाना क्षेत्र की गुप्तेश्वर (नवग्रह मंदिर) पहाड़ी की सुनसान जगह पर पहुंचा. वहां रामू का साथी अरुण कुशवाह भी आ गया. दोनों ने पहाड़ी पर शराब पी और उसके बाद मासूम के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया. दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई, जब रामू अपनी ही प्रेमिका को अपने साथी अरुण को 50 हजार रुपए में बेचने की सौदेबाजी करने लगा. अपनी आंखों के सामने अपनी अस्मत का सौदा होते देख लड़की फूट-फूटकर रोने लगी और उसने घर जाने की जिद करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया.

दुपट्टे से घोंटा गला, अगले दिन आकर जलाई लाश

लड़की के कड़े विरोध और पकड़े जाने के डर से बौखलाए रामू और अरुण ने रात करीब 11 बजे उसी के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद दोनों लाश को वहीं झाड़ियों में छिपाकर भाग गए. अगले दिन (29 मई), सबूत मिटाने की खौफनाक नीयत से रामू और अरुण अपने एक और साथी गौरव कुशवाह को लेकर दोबारा पहाड़ी पर पहुंचे. तीनों ने मिलकर लड़की की लाश पर पेट्रोल छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया. आधा जला हुआ शव वहीं छोड़कर तीनों दरिंदे शहर से फरार हो गए.

कॉल रिकॉर्ड्स ने खोला राज, कातिल गिरफ्तार

इधर मौ पुलिस और जनकगंज पुलिस लड़की की तलाश में जुटी थी. परिजनों के शक के आधार पर जब पुलिस ने रामू गुर्जर को उठाया तो वह गुमराह करने लगा. लेकिन, जैसे ही पुलिस ने सख्ती दिखाई और कॉल रिकॉर्ड्स सामने रखे, तो वह टूट गया और उसने पूरी खौफनाक कहानी उगल दी.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने साझा किया सफलता का मंत्र, संस्कृत श्लोक के जरिए बताया- कौन है असली बुद्धिमान?

पुलिस ने 1 जून को पहाड़ी से मृतका का आधा जला हुआ शव बरामद कर लिया है. मौ थाना पुलिस के साथ मिलकर जनकगंज पुलिस ने ‘जीरो’ पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों (रामू, अरुण और गौरव) को गिरफ्तार कर लिया है. जिस पिता ने अपनी बेटी को लाड़-प्यार से पाला था, आज वह सिस्टम से बस एक ही मांग कर रहा है कि कातिलों को ऐसी सजा मिले कि आगे कोई हैवान किसी बेटी के साथ ऐसा करने की हिम्मत न कर सके.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read