Bharat Express DD Free Dish

आर्मी जवान-पिता हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

Hajipur double murder accused arrested: हाजीपुर के बिदुपुर डबल मर्डर केस में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी जगदीश राय को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पर फायरिंग के जवाब में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, फिलहाल उसका इलाज सदर अस्पताल में जारी है.

Hajipur double murder accused arrested

Hajipur double murder accused arrested

Hajipur double murder accused arrested: बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में आर्मी जवान और उनके पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी जगदीश राय के दोनों पैरों में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

सूचना मिलते ही घेराबंदी करने पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, डबल मर्डर की वारदात के बाद से ही आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी. सोमवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी बिदुपुर थाना क्षेत्र से करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया.

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस टीम जैसे ही आरोपी के करीब पहुंची, उसने पुलिस वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी. बताया गया कि आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड गोलियां चलाईं. पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जगदीश राय के दोनों घुटनों के नीचे गोली लगी. इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

यह भी पढ़ें: ‘मैं हिंदू हूं लेकिन…’ बीजेपी छोड़ते ही बदले अन्नामलाई के सुर, क्या सीएम विजय के साथ मिलाएंगे हाथ?

सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

मुठभेड़ के तुरंत बाद घायल आरोपी को हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलने पर वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी की स्थिति के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की.

एसपी बोले- पूरे मामले की होगी गहन जांच

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने पुलिस वाहन पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की. उन्होंने कहा कि आरोपी की हालत फिलहाल सामान्य है और घटना स्थल पर जाकर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी. पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read