डांसर गर्लफ्रेंड पर लुटा दिया सरकारी खजाना
Haryana Bank Scam: हरियाणा और चंडीगढ़ में सामने आए 657 करोड़ रुपये के बड़े बैंक घोटाले की इनसाइड स्टोरी सुनकर हर कोई हैरान है. इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड ऋभव ऋषि निकला, जो पहले से ही शादीशुदा था. इसके बावजूद वह एक डांसर के इश्क में इस कदर दीवाना हो गया कि सरकारी खातों में सेंध लगाकर करोड़ों रुपये उड़ा दिए. सीबीआई की तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि उसने हेराफेरी का बड़ा हिस्सा अपनी प्रेमिका को अय्याशी कराने और खुद की शानो-शौकत दिखाने में फूंक दिया. उसका यह महंगा इश्क ही बैंक को कंगाल करने की सबसे बड़ी वजह बन गया.
बिहार की डांसर पर आया दिल
एक रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ऋभव ऋषि की शादी पहले से हो रखी थी लेकिन मार्च-अप्रैल 2025 के दौरान एक युवती से मिलने के बाद वह अपना आपा खो बैठा और इतने बड़े फ्रॉड को अंजाम दे डाला. इस केस में सीबीआई की मुख्य गवाह बनी उसकी प्रेमिका ने पूछताछ में बताया कि उसकी पहली मुलाकात ऋभव से चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम में हुई थी. वहां वह एक डांसर के रूप में परफॉर्म करने गई थी. उस दिन दोनों में बात नहीं हुई, लेकिन ऋभव ने उसे गौर से देखा था. लड़की मूल रूप से बिहार के सिवान जिले की रहने वाली है.
जयपुर फार्महाउस से शुरू हुई बातचीत
लड़की ने आगे बताया कि मई 2025 में जयपुर के एक फार्महाउस में आयोजित पार्टी के दौरान दोनों की दोबारा टक्कर हुई. वहीं पर ऋभव ने उससे खुलकर बातचीत शुरू की. इसके बाद 5 जुलाई 2025 को तीसरी बार दोनों मुंबई के सेंट रेजिस होटल में मिले, जहां ऋभव ने उसे अपने दिल की बात कह दी और प्यार का इजहार कर दिया. उस समय उसने खुद को एक इवेंट प्लानर और IDFC फर्स्ट बैंक का ब्रांच मैनेजर बताया था. साथ ही यह भी कहा था कि वह चावल के इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट का बिजनेस भी संभालता है.
तलाक का वादा और हर महीने 10 लाख रुपये की डील
ऋभव ने अपनी गर्लफ्रेंड को यकीन दिलाया कि वह अपनी पत्नी दिव्या अरोड़ा से तलाक ले लेगा और फिर उससे निकाह करेगा. उसने लड़की से डांस छोड़ने को कहा और उसे अपने साथ घुमाना शुरू कर दिया. पीड़िता के मुताबिक डांस छोड़ने की भरपाई के तौर पर ऋभव ने अगस्त 2025 से लेकर जनवरी 2026 तक हर महीने 10 लाख रुपये देना शुरू कर दिया. इस हिसाब से उसके अकाउंट में कुल 56 लाख रुपये आए.
प्रेमिका के नाम दिल्ली में 4 करोड़ का आशियाना
प्यार में पागल ऋभव यहीं नहीं रुका. उसने 18 जुलाई 2025 को दिल्ली के द्वारका इलाके में गर्लफ्रेंड के लिए एक मकान खरीदने का प्लान बनाया और उसके लिए 1 लाख रुपये टोकन मनी के तौर पर दिए. उस घर की कुल कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसमें से प्रेमिका ने सिर्फ 49 लाख रुपये ही दिए थे, बाकी की पूरी रकम ऋभव ने खुद भरी थी. लड़की ने बताया कि वह 2 जनवरी 2026 से उसी मकान में शिफ्ट होकर रह रही है.
फाइव स्टार होटलों से लेकर दुबई के बुर्ज अल अरब तक अय्याशी
सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया कि इस दौरान दोनों ने कई महंगे और लग्जरी होटलों में समय बिताया. लिस्ट में चंडीगढ़ और दिल्ली के कई बड़े फाइव स्टार होटल्स के नाम हैं. इसके अलावा वे गोवा के एक नामी होटल में भी रुके थे. अगस्त 2025 में दोनों मकाओ और थाईलैंड की सैर करके लौटे. नवंबर 2025 में वे दुबई के मशहूर बुर्ज अल अरब में ठहरे. वहां ऋभव ने उसे एक नया विला भी दिखाया और कहा कि 5 से 10 साल बाद वे दोनों वहीं पर सेटल हो जाएंगे. जनवरी 2026 में फिर से दुबई जाकर उन्होंने टोयोटा लैंड क्रूजर गाड़ी भी बुक कराई.
हर पार्टी में 15-20 लाख होता था खर्च
इस पूरे समय में ऋभव ने जिंदगी के सारे शौक पूरे किए और जिलाकपुर स्थित जेड मैनर में कई बड़ी-बड़ी पार्टियां भी रखीं. इन पार्टियों में हरियाणा सरकार के अफसर और इस घोटाले के दूसरे आरोपी भी शामिल होते थे. बताया जा रहा है कि पार्टियों के दौरान डांसरों पर जमकर नोट उड़ाए जाते थे. हर एक पार्टी के आयोजन पर करीब 15 से 20 लाख रुपये का खर्च आता था.
प्रेमिका बनी CBI की गवाह
657 करोड़ रुपये की इस आशिकी वाले घोटाले पर अब सीबीआई ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. आरोपी ऋभव की गर्लफ्रेंड ही अब सीबीआई की सबसे बड़ी गवाह बन गई है. इतना ही नहीं, इस मामले में आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल का नाम भी आरोपी के तौर पर सामने आया है, जिनके विभागों से 60.54 करोड़ रुपये की गड़बड़ी का आरोप है. फिलहाल सीबीआई इस बात की तह तक जा रही है कि ऋभव ने फर्जी कंपनियों के जरिए अपने और अपनी पत्नी के खातों में करोड़ों रुपये कैसे भेजे और किन-किन सरकारी खातों से दर्जनों फर्जी ट्रांजैक्शन किए गए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



