असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि हिंदुओं को किसी धर्म विशेष से नहीं, बल्कि लेफ्ट और लिबरल विचारधारा से सबसे बड़ा खतरा है. मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि कुछ लोग ऐसा समझते हैं कि भारत का अस्तित्व संविधान लागू होने के बाद शुरू हुआ, लेकिन यह गलत है. भारत एक प्राचीन सभ्यता है, जिसकी जड़ें 5000 वर्ष पुरानी हैं.
उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब का जिक्र करते हुए कहा कि उसने हिंदू धर्म को खत्म करने की कोशिश की थी, लेकिन खुद ही समाप्त हो गया. सरमा ने राहुल गांधी और ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर वे सोचते हैं कि हिंदू धर्म खत्म हो जाएगा, तो यह उनकी भूल है. हिंदू धर्म कभी समाप्त नहीं होगा, बल्कि वे खुद ही समाप्त हो जाएंगे.”
हिंदुओं को लेफ्ट और लिबरल से खतरा
असम के मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि हिंदुओं को मुसलमानों और ईसाइयों से कोई खतरा नहीं है. बल्कि, खतरा उन्हीं के समाज के भीतर मौजूद लेफ्ट-लिबरल विचारधारा के लोगों से है.
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले, देश में ऐसा माहौल बना दिया गया था कि हिंदुओं को सेकुलर शब्द अपनाने के लिए मजबूर किया गया. हिंदू धर्म और उनकी संस्कृति को दबाने की कोशिश की गई. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है.
सरमा ने कहा कि “हिंदू धर्म को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक उद्धारकर्ता के रूप में आए हैं.”
बंगाल की हालत के लिए लेफ्ट-लिबरल जिम्मेदार
बंगाल की वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हिंदुओं को कमजोर करने की साजिश रची गई. ममता बनर्जी को यह विरासत में मिला, लेकिन इसके लिए असली जिम्मेदार लेफ्ट-लिबरल विचारधारा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि “हिंदुओं को गोमांस खाना सिखाया गया, जबकि वे यह भूल गए कि अगर हमारे पूर्वजों ने गाय का दूध न पिया होता, तो हम आज जीवित भी नहीं होते.”
सरमा ने कहा कि जब तक भारत में हिंदू धर्म सुरक्षित रहेगा, तब तक अन्य धर्म भी सुरक्षित रहेंगे.
ममता बनर्जी और TMC पर हमला
मुख्यमंत्री सरमा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कोर वोट बैंक पर सवाल उठाते हुए कहा कि “देश में एक विशेष समुदाय वोट देते समय सिर्फ यह देखता है कि कौन उनका करीबी है.” उन्होंने आरोप लगाया कि “बंगाल में लोग मृत व्यक्तियों के नाम पर भी वोट डाल देते हैं.”
UCC लागू करने के संकेत
हिमंत बिस्वा सरमा ने यह भी दावा किया कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू होने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, अब देश में बदलाव का दौर शुरू हो चुका है. ट्रिपल तलाक खत्म हो चुका है और अब UCC भी जल्द लागू होगा.”
इसे भी पढ़ें- बसपा में बड़ा फेरबदल: आकाश आनंद हटे, अब मायावती के भाई को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पार्टी में 2 नेशनल कोऑर्डिनेटर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


