Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, पाकिस्तान से संपर्क और संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप

हरियाणा के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान से संदिग्ध संपर्क और संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. NIA और IB मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं.

Youtuber Jyoti Malhotra

हरियाणा के हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान से संदिग्ध संपर्क और संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. हिसार जिला अदालत ने उन्हें 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.

ज्योति ‘Travel with JO’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाती हैं और उन पर आरोप है कि वह पिछले एक साल से पाकिस्तानी नागरिक दानिश के संपर्क में थीं. अब तक की जांच में सामने आया है कि ज्योति ने पाकिस्तान का दौरा किया, वहां पाकिस्तानी उच्चायोग से जुड़े लोगों से मिलीं और भारत लौटने के बाद भी टेलीग्राम, व्हाट्सएप और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार संवाद करती रहीं. उनके मोबाइल, लैपटॉप और बैंक ट्रांजैक्शनों की जांच जारी है.

इस मामले में हिसार पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं. हिसार पुलिस ने स्थानीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की, जबकि IB पाकिस्तान कनेक्शन और विदेशी एजेंटों से संवाद की निगरानी कर रही है.

वहीं NIA इस केस को राष्ट्रीय सुरक्षा और जासूसी के नजरिए से देख रही है. यदि पूछताछ में यह सामने आता है कि ज्योति को पाकिस्तान से किसी प्रकार की फंडिंग या निर्देश मिल रहे थे, तो उनके खिलाफ UAPA जैसी कड़ी धाराएं लगाई जा सकती हैं.

पुलिस रिमांड के दौरान उनसे यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उनकी गतिविधियों के पीछे कौन लोग हैं, उन्होंने क्या-क्या सूचनाएं साझा कीं और क्या वे किसी व्यापक नेटवर्क का हिस्सा थीं.

ये भी पढ़ें: किश्तवाड़ के छत्रू इलाके में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन त्राशी जारी, 3-4 आतंकवादी घेरे में – सेना और पुलिस का साझा अभियान

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital