Bharat Express DD Free Dish

हैदराबाद में आज गूंजेगा ‘मेस्सी मैजिक’, RGI स्टेडियम में सीएम रेवंत रेड्डी संग खास मुकाबला

Messi Hyderabad Match: महान फुटबॉलर लियोनल मेस्सी आज हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी की टीम के साथ फ्रेंडली मैच खेलेंगे. मैच में पेनल्टी शूटआउट होगा और बच्चों के लिए फुटबॉल क्लिनिक भी आयोजित किया जाएगा.

Messi Hyderabad Match: महान फुटबॉलर लियोनल मेस्सी आज (शनिवार) शाम हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नजर आएंगे. उनकी टीम तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की टीम के साथ शाम सात बजे एक एक्सिबिशन मैच खेलेगी. इस मौके पर सीएम रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी न्योता दिया है.

राहुल गांधी भी हो सकते हैं शामिल

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी, जो खुद स्कूल और कॉलेज के दिनों में फुटबॉल खेल चुके हैं, इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं. हालांकि, उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है क्योंकि 14 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी रैली है. बावजूद इसके, राहुल गांधी इस मैच में आने की कोशिश कर रहे हैं.

फ्रेंडली मैच और पेनल्टी शूट

जीओएटी टूर हैदराबाद की सलाहकार पार्वती रेड्डी ने बताया कि सिंगरेनी आरआर9 और अपर्णा-मेस्सी ऑल स्टार्स के बीच 15-20 मिनट का फ्रेंडली मैच होगा. मैच से पहले मेस्सी और सीएम रेवंत रेड्डी साथ में बॉल ड्रिबल करेंगे. विजेता टीम का फैसला करने के लिए पेनल्टी शूटआउट होगा, जिसमें हर टीम को तीन-तीन मौके मिलेंगे.

तस्वीर और टिकटों की धूम

करीब 60 लोगों ने मेस्सी के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए 10 लाख रुपए दिए हैं. यह रकम फुटबॉल क्लिनिक में जाएगी, जहां युवा खिलाड़ियों को बड़े फुटबॉलर्स से सीखने का मौका मिलेगा. अब तक 27,000 टिकट बिक चुके हैं और उम्मीद है कि स्टेडियम की 39,000 सीटें पूरी तरह भर जाएंगी.

ये भी पढ़ें-एक आदमी को गिनने में कितना का होगा खर्च? भारत की पहली डिजिटल जनगणना, 11,718 करोड़ का बजट पास

बच्चों के लिए फुटबॉल क्लिनिक और सुरक्षा

मैच के बाद 25-30 मिनट का फुटबॉल क्लिनिक होगा, जिसमें 20 बच्चों को मेस्सी, रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुआरेज ट्रेनिंग देंगे. मेस्सी शाम चार बजे हैदराबाद पहुंचेंगे और रविवार सुबह मुंबई रवाना होंगे. इस बीच स्टेडियम में जेड कैटेगरी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. दर्शकों को खेल शुरू होने से तीन घंटे पहले एंट्री दी जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read