Saiflaguda Temple Controversy: हैदराबाद के सैफलगुड़ा स्थित कट्टा मैसम्मा मंदिर में एक चौंकाने वाली घटना हुई. यहां 26 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर मंदिर परिसर में पेशाब और शौच किया, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और लोगों का आक्रोश साफ दिखाई दिया.
आरोपी को पकड़कर भीड़ ने की पिटाई
जानकारी के अनुसार, यह घटना 10 जनवरी 2026 की देर रात की है. आरोपी की पहचान कर्नाटक के बीदर निवासी अल्ताफ (26 वर्ष) के रूप में हुई है. चश्मदीदों ने बताया कि युवक को मूर्ति के सामने अभद्र कृत्य करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. खबर फैलते ही मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए. गुस्साई भीड़ ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
घटना पर राजनीति गरमाई
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है. तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने घटनास्थल का दौरा किया और कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा जो लोग मंदिरों को अपवित्र करते हैं, उनका एनकाउंटर होना चाहिए. बीजेपी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंदिर के बाहर धरना देकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
हिरासत में आरोपी
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी अल्ताफ को हिरासत में ले लिया. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना और अवैध प्रवेश शामिल है. रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
प्रशासन ने की अपील
मलकाजगिरी पुलिस कमिश्नरेट ने बयान जारी कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. पुलिस ने कहा कि आरोपी के पिछले रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मंदिर में शुद्धिकरण अनुष्ठान पूरे कर लिए गए हैं. साथ ही चेतावनी दी गई कि कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में न ले और सांप्रदायिक शांति भंग न करे.
ये भी पढ़ें-आई-पैक रेड मामले में नया मोड़: ED ने SC में की CBI जांच की मांग; CM ममता और अधिकारियों पर गंभीर आरोप
सैफलगुड़ा की इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और सांप्रदायिक संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. भक्तों में आस्था को लेकर गहरा दुख है, जबकि प्रशासन के लिए इलाके में शांति बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है. फिलहाल मंदिर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





