Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘मुझे और मेरे परिवार को 6 साल तक भुगतना पड़ा,’ सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर बोले सत्येंद्र जैन

सत्येंद्र जैन के खिलाफ लोक निर्माण विभाग में भर्ती मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को राउज एवेन्यू की विशेष अदालत ने स्वीकार कर लिया है.

Satyendra Jain

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ लोक निर्माण विभाग में भर्ती मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को राउज एवेन्यू की विशेष अदालत ने स्वीकार कर लिया है. सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर आप नेता सत्येंद्र जैन की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि मुझे और मेरे परिवार को 6 साल तक भुगतना पड़ा है.

आप नेता सत्येंद्र जैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मेरे खिलाफ ये केस 29 मई, 2019 को 6 साल पहले दर्ज किया गया था. 30 मई 2019 को मेरे घर पर सीबीआई की रेड हुई थी और इस बात को प्रमुखता से उठाया गया. ये तक कहा गया कि सत्येंद्र जैन के घर सीबीआई की रेड हुई है और उस रेड के दौरान स्थिति ऐसी थी कि बच्चों के बैग को भी नहीं छोड़ा गया था. इसके अलावा, मेरी पत्नी का पर्स चेक किया गया और घर में मौजूद हर किसी का मोबाइल भी चेक किया गया था. आज सीबीआई ने कोर्ट में अपनी तरफ से एक एप्लिकेशन दाखिल की है. उसमें बताया गया कि मेरे खिलाफ करप्शन का कोई सुबूत नहीं मिला है.”

उन्होंने कहा, “भाजपा को मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई सबूत नहीं मिला, लेकिन इस केस के कारण 6 साल तक मुझे और मेरे परिवार को काफी कुछ भुगतना पड़ा. इस केस की जांच के लिए सीबीआई की एक टीम को लगा रखा था, लेकिन उन्हें क्या मिला? मुझे लगता है कि इस केस में 20 से 30 करोड़ तो सीबीआई के ही खर्च हो गए होंगे. इसके बावजूद उन्हें केस में कुछ नहीं मिला.”

कम से कम 27 महीने तो काम करना चाहिए

आप नेता सत्येंद्र जैन ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “दिल्ली में भाजपा की सरकार इस मुद्दे पर बन गई कि अगर केजरीवाल दोबारा आया तो उन्हें काम नहीं करने देंगे. चाहे उनके खिलाफ कितने भी केस करें, उन्हें काम करने नहीं दिया जाएगा. मुझे लेकर तो सरेआम यह भी कहा गया कि अगर जनता ने सत्येंद्र जैन को जिताया तो उसे दोबारा जेल भेज दिया जाएगा. शायद इसी वजह से जनता ने उन्हें (भाजपा) मौका दिया है.  27 साल के बाद भाजपा को दिल्ली की जनता ने चुना है. मैं उनसे इतना ही कहूंगा कि उन्हें कम से कम 27 महीने तो काम करना चाहिए. वह सिर्फ सीएजी रिपोर्ट को पेश करने में लगे हुए हैं. दिल्ली की सड़कों का हाल बेहाल है और जहां कारें चलती थीं, वहां अब नाव चलाने की नौबत आ गई है.”


ये भी पढ़ें: कल्याण बनर्जी ने टीएमसी संसदीय दल के मुख्य सचेतक पद से दिया इस्तीफा


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital