Bharat Express DD Free Dish

देश के बड़े हिस्से में भीषण ठंड और घना कोहरा, इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी, IMD ने जारी की चेतावनी

India Cold Wave: भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में अगले 4–5 दिनों तक भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी दी है. कई राज्यों में स्कूल बंद, यातायात प्रभावित और पहाड़ों में रिकॉर्ड तोड़ ठंड दर्ज की गई.

India Cold Wave: देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का असर जारी है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले 4–5 दिनों तक गंभीर मौसम की चेतावनी दी है. चार राज्यों में बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट और 17 राज्यों में घने कोहरे का येलो अलर्ट लागू किया गया है.

किन राज्यों में घना कोहरा

IMD की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और पंजाब में बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. वहीं छत्तीसगढ़, मेघालय, असम, बिहार, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, झारखंड, नागालैंड, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, सिक्किम और पश्चिम उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना जताई गई है.

शीतलहर और शीत दिवस की चेतावनी

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 9 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान में 8 से 10 जनवरी, पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 जनवरी, छत्तीसगढ़ में 6 से 8 जनवरी और झारखंड में 6–7 जनवरी तक ठंडी हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में 6 जनवरी को शीत दिवस की स्थिति बन सकती है.

पहाड़ों में रिकॉर्ड तोड़ ठंड

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में इस सर्दी की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान -10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. कल्पा, नारकंडा और सोलन सहित कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे चला गया है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में झीलें और नाले जमने लगे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी भी देखने को मिली है.

मैदानी इलाकों में जनजीवन प्रभावित

उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में ठंड ने जनजीवन पर असर डाला है. यहां न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. राजधानी दिल्ली में भी पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. घने कोहरे की वजह से हवाई, रेल और सड़क यातायात बाधित हो रहा है. कई उड़ानें देर से रवाना हो रही हैं, जबकि ट्रेनों की गति भी काफी धीमी पड़ गई है.

बच्चों को राहत

भीषण ठंड के चलते बिहार और राजस्थान सहित कई राज्यों में स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है. राजस्थान के 20 जिलों में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल अलग-अलग अवधि के लिए बंद रखे गए हैं. वहीं बिहार के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. गया में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पर ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है.

ये भी पढ़ें-बीजेपी की आत्मा हैं कल्याण सिंह और मुरली मनोहर जोशी- डॉ दिनेश शर्मा

बचाव के उपाय

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि बुजुर्गों, छोटे बच्चों और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों को इस ठंड में घर के भीतर रहना चाहिए और पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने चाहिए. किसानों को भी चेताया गया है कि वे अपनी फसलों को पाले से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाएं. भारत मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि 10 जनवरी तक मौसम की स्थिति गंभीर बनी रह सकती है हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे ठंड और कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read