Weather Alert: फरवरी का आखिरी दिन है और मार्च की शुरुआत से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है. ठंड अब लगभग खत्म हो चुकी है और लोग होली की तैयारी में जुटे हैं. इस बार होली से पहले ही मौसम ने चौंकाने वाला रुख अपना लिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कहीं तापमान 36°C तक जाएगा तो कहीं बारिश और तेज हवाएं लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करेंगी.
उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर
IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है. यानी मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होगी. वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा. दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिनका असर हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के रूप में दिखेगा.
दिल्ली-NCR में गर्मी का टॉर्चर
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 28 फरवरी से 2 मार्च तक शुष्क मौसम रहेगा. आसमान साफ रहेगा और धूप का असर ज्यादा महसूस होगा. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तक जा सकता है. दोपहर की धूप अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास कराएगी. सुबह और शाम हल्की ठंडक जरूर रहेगी, लेकिन सर्दी अब लगभग विदा हो चुकी है.
यूपी और उत्तराखंड का हाल
उत्तर प्रदेश में दिन और रात दोनों समय तापमान बढ़ रहा है. अगले 48 घंटों में पारा 2 से 3 डिग्री और चढ़ सकता है. पश्चिमी और मध्य यूपी में दोपहर की धूप ज्यादा असर दिखाएगी. उत्तराखंड में दिन साफ रहेगा लेकिन शाम या रात को कुछ पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बनी रहेगी, जबकि मैदानी हिस्सों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ेगी.
बिहार-झारखंड में स्थिर मौसम
बिहार और झारखंड में फिलहाल मौसम शांत है. आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी. न्यूनतम तापमान 14° सेल्सियस और अधिकतम 30-31° सेल्सियस तक रहने की संभावना है. सुबह और रात में हल्की ठंडक लोगों को राहत देगी. यह समय रबी फसलों के लिए अनुकूल माना जा रहा है.
पंजाब-हरियाणा में गर्मी की दस्तक
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम शुष्क रहेगा. दिन में तेज धूप और साफ आसमान के कारण गर्मी ज्यादा महसूस होगी. किसानों और मजदूरों को दोपहर की धूप से सावधान रहने की सलाह दी गई है. हवाएं चलने से सुबह और शाम थोड़ी राहत मिल सकती है.
हिमाचल और कश्मीर में बारिश-बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में 3 और 4 मार्च को बारिश और बर्फबारी की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हो सकती है, जिससे ठंड दोबारा बढ़ेगी. पर्यटन स्थलों पर मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन यात्रा प्रभावित हो सकती है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में शुरुआती गर्मी
मध्य प्रदेश और राजस्थान में धूप का असर बढ़ रहा है. जयपुर, भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में तापमान 30-32°C तक जा सकता है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में पारा 36°C तक पहुंचने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-‘अमेरिका दखल को तैयार’, पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव पर बोले ट्रंप
तमिलनाडु में उमस भरा मौसम
तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है. तटीय इलाकों में समुद्री नमी के कारण हीट इंडेक्स बढ़ेगा. दिन में धूप और रात में उमस से राहत कम मिलेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
