Bharat Express DD Free Dish

हवाई यात्रियों को राहत, सीट चुनने पर अब नहीं लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज

India aviation update: भारत में हवाई यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि फ्लाइट की 60% सीटें मुफ्त चयन के लिए उपलब्ध हों और यात्रियों से सीट चुनने पर अतिरिक्त शुल्क न लिया जाए.

India aviation update: भारत में हवाई सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. सरकार ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि वेब चेक-इन या सीट सिलेक्शन के दौरान यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने साफ किया है कि किसी भी फ्लाइट में कम से कम 60% सीटें यात्रियों के लिए मुफ्त चयन के लिए उपलब्ध होंगी.

यात्रियों के अधिकार होंगे मजबूत

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने आदेश जारी कर कहा है कि हवाई यात्रा को ज्यादा पारदर्शी और आसान बनाया जाएगा. अब एयरलाइंस को यह सुनिश्चित करना होगा कि एक ही बुकिंग (PNR) वाले यात्री साथ बैठ सकें. इससे परिवारों और ग्रुप्स को राहत मिलेगी, जिन्हें पहले पास-पास सीट पाने के लिए अतिरिक्त पैसे देने पड़ते थे.

सामान और पालतू जानवरों पर स्पष्ट नीति

एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि वे खेल का सामान, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स और पालतू जानवरों को ले जाने की सुविधा को पारदर्शी तरीके से लागू करें. यात्रियों को इन नीतियों की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे.

देरी और कैंसलेशन पर भी नियम

सरकार ने जोर दिया है कि उड़ान में देरी, रद्द होने या बोर्डिंग से रोके जाने की स्थिति में यात्रियों के अधिकारों का सख्ती से पालन किया जाए. एयरलाइंस को अपनी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एयरपोर्ट काउंटरों पर इन अधिकारों को स्पष्ट रूप से दिखाना होगा. साथ ही क्षेत्रीय भाषाओं में भी जानकारी उपलब्ध करानी होगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें.

भारत का एविएशन सेक्टर

भारत का घरेलू एविएशन सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है. रोज़ाना देश के हवाई अड्डों पर पांच लाख से अधिक यात्री आते-जाते हैं. ऐसे में मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने की बात कही है.

ये भी पढ़ें-एक विधान एक कानून: उत्तराखंड के बाद अब इस राज्य ने लागु किया UCC, बदल जाएंगे वसीयत और गोद लेने के पुराने नियम

UDAN यात्री कैफे पहल

यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए मंत्रालय ने ‘UDAN यात्री कैफ़े’ जैसी पहल का भी जिक्र किया है. इसमें हवाई अड्डों पर किफायती भोजन और मुफ्त Wi-Fi जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read