Bharat Express DD Free Dish

SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक का हल्लाबोल, पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में लिया

चुनाव आयोग के काम करने के तरीके और वोटर लिस्ट के स्पेशल गहन रिवीजन यानी SIR को लेकर विपक्ष का गुस्सा मंगलवार 6 अक्टूबर को दिल्ली में बड़े हंगामे में बदल गया.

Rahul Gandhi detained

हिरासत में राहुल गांधी

चुनाव आयोग के काम करने के तरीके और वोटर लिस्ट के स्पेशल गहन रिवीजन यानी SIR को लेकर विपक्ष का गुस्सा मंगलवार 6 अक्टूबर को दिल्ली में बड़े हंगामे में बदल गया. INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग के दफ्तर निर्वाचन सदन तक पैदल मार्च निकाला. इस दौरान विपक्षी सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगा. प्रदर्शन के दौरान कई जगह पुलिस और नेताओं के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.

पुलिस ने सभी नेताओं को चुनाव आयोग जाने से रोक दिया और अलग-अलग थानों में बैठा दिया. वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को आकाशवाणी परिसर में ही रोक लिया गया. दोनों काफी देर तक वहीं बैठे रहे. बाद में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया और आकाशवाणी परिसर से बाहर निकालने लगी.

चिट्ठी भेजकर मिलने का समय मांगा

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार दोनों चुनाव आयुक्तों और मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने के लिए कांग्रेस ने बाकायदा चिट्ठी लिखकर समय मांगा है. चुनाव आयोग की तरफ से अगर कोई अधिकारी आकर एक-दो दिन में मिलने का भरोसा दे देता है तो राहुल गांधी आज का धरना खत्म कर सकते हैं. लेकिन राहुल गांधी की शर्त अभी भी वही है कि मुलाकात 300 सांसद एक साथ करेंगे. एक सीनियर पुलिस अधिकारी लगातार प्रियंका गांधी से बात कर रहे हैं. प्रियंका गांधी राहुल गांधी से बात करके अधिकारी को जवाब दे रही हैं.

राहुल गांधी ने पूछा कहां बैठूं?

आगे की रणनीति क्या है, इस सवाल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैंने पुलिस वालों से कहा है कि अगर आपको मुझे यहां से हटाना है तो हटा दीजिए, लेकिन मुझे ये बता दीजिए कि मैं इस देश में कहां बैठ सकता हूं. क्या इंडिया गेट पर बैठूं, जंतर-मंतर पर बैठूं या सड़क पर बैठूं.

राहुल ने चुनाव आयोग और पुलिस को घेरा

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और पुलिस पर निशाना साधा और सवाल उठाया कि कांग्रेस और विपक्ष के लोगों को आयोग के अधिकारियों से मिलने की इजाजत क्यों नहीं दी गई. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि विपक्ष के सभी नेता यहां आए हैं और हम वोट चोरी के मुद्दे पर ज्ञानेश कुमार से मिलकर सवाल पूछना चाहते हैं, लेकिन हमें रोक दिया गया है.

किरेन रिजिजू ने कहा ड्रामा बंद करो

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों के ECI हेडक्वार्टर तक निकाले गए विरोध मार्च पर कहा कि रोज-रोज कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और उनके साथी चुनाव आयोग पर, सुप्रीम कोर्ट पर जो हमला करते रहते हैं, अब उसे बंद करने का वक्त आ गया है. 2014 से लगातार ये ड्रामा चल रहा है. ये नाटक आखिर कब तक चलेगा. लोकतंत्र में अगर आप लोगों की सेवा करोगे तो आपको जनादेश मिलेगा. आप जनादेश हासिल नहीं कर पाते हैं और चुनाव आयोग को बुरा-भला कहते हैं. जब सुप्रीम कोर्ट माफी मांगने के लिए कहता है तो आप बाद में उस पर भी हमला करते हैं और कहते हैं कि कोर्ट पर भरोसा नहीं है.

रिजिजू ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने आगे कहा कि इससे ना तो लोकतंत्र ठीक होगा और ना ही कांग्रेस पार्टी का दोबारा उदय होगा. मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप पीएम मोदी से सीखिए, भाजपा के कार्यकर्ताओं से सीखिए जो अपने लिए नहीं बल्कि समाज और देश के लिए लगातार, निस्वार्थ सेवा करते रहते हैं. आप सेवा करेंगे तो जनता आप पर भरोसा करेगी, ड्रामा करने से कुछ नहीं होगा. कांग्रेस पार्टी को 55 साल तक इस देश में राज करने का मौका मिला है और उसमें से उन्होंने 2 साल तक इमरजेंसी लगाकर शासन किया, जिसमें संविधान को बदल दिया गया.

राहुल बोले चुनाव आयुक्त क्यों नहीं मिल रहे?

राहुल गांधी ने कहा कि आज 300 से ज्यादा विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए संसद से चुनाव आयोग तक मार्च किया. हम करोड़ों भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं. चुनाव आयुक्त हमसे क्यों नहीं मिल रहे हैं. पुलिस हमें क्यों रोक रही है और धमका रही है.

कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

उधर इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने की वजह से पुलिस ने आकाशवाणी भवन में घुसने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस एक बस में बैठाकर परिसर से बाहर ले गई. भारतीय चुनाव आयोग यानी ECI के मुख्यालय के बाहर उस वक्त तनाव चरम पर पहुंच गया जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और INDIA ब्लॉक के समर्थकों ने निर्वाचन सदन में जबरन घुसने की कोशिश की.

गेट तोड़ने की कोशिश पर झड़प

चुनाव आयोग के गेट को तोड़ने की कोशिश के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ तीखी झड़प हुई. वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और दूसरे सीनियर सांसदों ने पास के आकाशवाणी परिसर के अंदर ही धरना दिया, जो चुनाव आयोग से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है.

ये भी पढ़ें-3 राष्ट्रपति पदक, कारगिल में दिखाया दम, फ्रांस से लाए थे 10 मिराज, अब संभालेंगे वायुसेना की कमान, कौन हैं नए IAF चीफ आशुतोष दीक्षित?

पवन खेड़ा ने सरकार को घेरा

विपक्षी नेताओं को औपचारिक ज्ञापन सौंपने से रोकने के लिए पुलिस की भारी तैनाती की आलोचना करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार डर से भरी हुई है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग बिल्कुल बगल में है, लेकिन वे देश के विपक्ष के नेता को जाने नहीं दे रहे हैं. उन्हें रोक दिया गया है. इसलिए आप देख सकते हैं कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हम सभी आकाशवाणी के अंदर धरने पर बैठे हैं. चुनाव आयोग यहां से मुश्किल से 100 मीटर दूर है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read