India GDP growth 2026: वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था ने 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. इस आंकड़े के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की आर्थिक नीतियों की सराहना की और इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया.
शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष पर साधा निशाना
बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन (Syed Shahnawaz Hussain) ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई देश आर्थिक चुनौतियों और भू-राजनीतिक तनावों का सामना कर रहे हैं. ऐसे माहौल में भारत की मजबूत विकास दर सरकार की प्रभावी नीतियों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन आलोचनाओं का भी जवाब है जो विपक्ष की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर की जा रही थीं. हुसैन ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है.
समिक भट्टाचार्य ने बताया वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण
पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य (Samik Bhattacharya) ने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है, तब भारत की तेज विकास दर वैश्विक स्तर पर एक सकारात्मक संदेश दे रही है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में मजबूत कदम उठा रहा है.
सरकारी आंकड़ों में दिखी मजबूत बढ़त
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रही. इसी अवधि में रियल ग्रॉस वैल्यू एडेड (जीवीए) में 7.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
ये भी पढ़ें: हॉकी में भारत का जलवा, पुरुष टीम ने जापान को 4-1 से हराया, पीएम मोदी ने दी जीत की बधाई
वित्त वर्ष की चौथी तिमाही, यानी जनवरी से मार्च 2026 के दौरान, जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही, जबकि जीवीए वृद्धि दर 7.9 प्रतिशत दर्ज की गई. इन आंकड़ों को भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन का संकेत माना जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


