भारत के 11वें राष्ट्रपति और ‘पीपुल्स प्रेसिडेंट’ के रूप में प्रसिद्ध भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की याद में इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर (IICC) द्वारा 5वीं मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम 9 सितंबर 2025 को लोधी रोड स्थित IICC में शाम 5:30 बजे शुरू होगा.
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम का आयोजन एसएम खान फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है. इस लेक्चर का उद्देश्य देश के महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम की शिक्षाओं, उनके दृष्टिकोण और उनके प्रेरणादायक जीवन को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करना है.
IICC के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ के सदस्य शाहवार मोहम्मद खान ने बताया कि डॉ. कलाम का जीवन और उनके आदर्श न केवल विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘डॉ. कलाम का संदेश आज भी युवाओं को उनके सपनों को साकार करने और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है. उनके योगदान को याद करना और उनके विचारों को आगे फैलाना हम सभी की जिम्मेदारी है.’
छात्रों और युवाओं के लिए प्रेरक अनुभव होगा
इस मेमोरियल लेक्चर में डॉ. कलाम के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, युवाओं के लिए उनके मार्गदर्शन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा. साथ ही उनके जीवन के संघर्ष, उनकी सादगी और युवाओं के प्रति उनके प्रेम पर भी चर्चा की जाएगी.
IICC ने इस कार्यक्रम में सभी नागरिकों, छात्रों और समाज के हर वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया है ताकि वे इस महान व्यक्ति के विचारों और आदर्शों से प्रेरित हो सकें. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डॉ. कलाम की जीवन दृष्टि और उनके संदेश ‘Dream, Dare, Do’ को आगे बढ़ाना है.
इस अवसर पर उपस्थित होकर लोग न केवल डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे बल्कि उनके मूल्यवान संदेशों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर सकते हैं. यह आयोजन युवा पीढ़ी के लिए विशेष रूप से प्रेरक होगा और उन्हें उनके सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा.
डॉ. कलाम की याद में आयोजित यह 5वीं मेमोरियल लेक्चर उनके अमूल्य योगदान को सलाम करने का अवसर है और उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है.
ये भी पढ़े: जोधपुर में RSS ने बनाया रोडमैप! सुनील आंबेकर ने बताया आखिर बैठक में क्या हुआ?
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

