Bharat Express DD Free Dish

वैश्विक संकट के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य, सरकार ने बनाई ठोस रणनीति

India oil supply: मध्य पूर्व संकट और ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट बंद करने के ऐलान के बीच भारत में तेल और गैस को लेकर चिंता बढ़ी. संसद की स्थायी समिति ने बैठक कर बताया कि कच्चे तेल की आपूर्ति स्थिर है.

India oil supply: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत में तेल और गैस को लेकर चिंता बढ़ गई थी. हाल ही में गैस की कीमतें ऊपर गईं और कई शहरों में सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें दिखीं. इस बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद रखने का ऐलान कर दिया, जिससे हालात और गंभीर हो गए. इसी मुद्दे पर मंगलवार को संसद की स्थायी समिति ने बैठक की और बाद में जो बयान आया, उससे आम लोगों को थोड़ी राहत मिली.

सरकार की तैयारी

बैठक में बताया गया कि वैश्विक स्तर पर तेल और गैस का लगभग 20% प्रवाह होर्मुज से होकर गुजरता है. तनाव के बावजूद भारत ने ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं. कई देशों ने ईंधन की कमी से निपटने के लिए राशनिंग शुरू कर दी है, लेकिन भारत ने विविध आपूर्ति और आपातकालीन योजनाओं के जरिए उपभोक्ताओं को बड़े संकट से बचाए रखा है.

कच्चे तेल की स्थिति

समिति ने कहा कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति स्थिर है. देश रोज़ाना करीब 55 लाख बैरल तेल खपत करता है, जिसमें से 85% आयात होता है. पहले भारत का 45% आयात होर्मुज से आता था, लेकिन अब विविधीकरण के चलते 70% तेल गैर-होर्मुज स्रोतों से मिल रहा है.

पेट्रोल-डीज़ल और गैस

पेट्रोल, डीजल, केरोसीन और एविएशन फ्यूल की कोई कमी नहीं है. खुदरा नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है. प्राकृतिक गैस की आपूर्ति कुछ खाड़ी देशों से प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार ने आपातकालीन प्रावधान लागू कर जरूरी आपूर्ति को प्राथमिकता दी है.

CNG और एलपीजी सप्लाई जारी

घरेलू उपभोक्ताओं और CNG उपयोगकर्ताओं को सप्लाई जारी है, जबकि उद्योगों के लिए नियंत्रित कटौती की गई है. नाइजीरिया, अंगोला और ओमान से वैकल्पिक LNG आयात हो रहा है. एलपीजी की स्थिति भी नियंत्रण में है. भारत ने कई देशों से अतिरिक्त कार्गो सुरक्षित किया है और रोज़ाना 50 लाख से अधिक सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है.

ये भी पढ़ें-रायपुर में सेप्टिक टैंक हादसा, जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत

जमाखोरी पर रोक

समिति ने बताया कि जमाखोरी रोकने के लिए न्यूनतम बुकिंग अंतराल और डिलीवरी प्रमाणीकरण जैसे कदम उठाए गए हैं. एलपीजी की मांग कम करने के लिए अतिरिक्त केरोसीन दिया गया है और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को वैकल्पिक ईंधन इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read