Weather update: फरवरी का महीना खत्म होने को है और ठंडा अब धीरे-धीरे विदा ले रही है. पूरे देश में मौसम का मिजाज बदल रहा है. उत्तर भारत में गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश शुरू हो गई है. दिल्ली में दिन के समय धूप से गर्मी का एहसास होने लगा है लेकिन बीच-बीच में होने वाली हल्की बारिश ठंडक का अहसास कराती है.
बंगाल की खाड़ी से नया सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम अब सक्रिय हो चुका है. इसका असर धीरे-धीरे पूरे देश में दिखने लगा है. दक्षिण भारत में तेज बारिश, गरज-चमक और 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सिस्टम कई राज्यों में अचानक मौसम बिगाड़ सकता है.
बारिश के साथ-साथ खतरा भी
IMD की माने तो यह सिस्टम केवल बारिश तक सीमित नहीं रहेगा. तेज हवाएं, बिजली गिरने और समुद्री इलाकों में ऊंची लहरों का खतरा भी रहेगा. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है. वहीं उत्तर भारत में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है. यानी देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो रंग दिखाई देंगे. कहीं बारिश तो कहीं गर्मी की शुरुआत होगी.
ग्लोबल पैटर्न और एल नीनो का असर
देशभर में मौसम के इस बदलाव को ग्लोबल क्लाइमेट पैटर्न और एल नीनो प्रभाव से भी जोड़ा जा रहा है. मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले महीनों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. फिलहाल अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में बारिश और आंधी का असर बना रहेगा.
10 राज्यों में अलर्ट
22 से 24 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, तमिनाडु, केरल, कर्नीटक और तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई बिजली गिरने और तेज हवाओं से नुकसान की आशंका जताई गई है.
दिल्ली-NCR का हाल
दिल्ली-NCR में फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है. अगले कुछ दिनों तक बारिश नहीं होगी लेकिन तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. दिन में धूप तेज महसूस होगी और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. सुबह और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी. हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है और AQI मॉडरेट श्रेणी में रह सकता है.
यूपी और उत्तराखंड
यूपी में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन पूर्वी जिलों में सुबह घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. गोरखपुर, देवरिया, वाराणसी और प्रयागराज में विजिबिलिटी कम रहने की चेतावनी है. वहीं उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. ऊंचाई वाले इलाके में ठंड बढ़ेगी और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
बिहार-झारखंड में मौसम का हाल
बिहार और झारखंड में मौसम सामान्य रहेगा. सुबह और देर रात कोहरा छाए रहने की संभावना है. पटना, दरभंगा और पूर्णिया जैसे इलाकों में हल्की ठंड का असर रहेगा. दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना होगा और तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
पंजाब-हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
पंजाब और हरियाणा में आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप निकलेगी. तापमान 27 से 29 डिग्री तक जा सकता है. किसानों के लिए मौसम अनुकूल है और कृषि कार्यों के लिए अच्छा समय माना जा रहा है.
हिमाचल और कश्मीर में मौसम का हाल
22 और 23 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब रहने की संभावना है. कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. शिमला, कुल्लू और गुलमर्ग जैसे क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान
मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. भोपाल और उज्जैन में तापमान 30-31 डिग्री तक रह सकता है. राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन तापमान तेजी से बढ़ेगा. जयपुर और जोधपुर में गर्म हवाएं चलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-अफगान सीमा पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई का दावा; काबुल ने चेताया- जवाब देंगे
तमिलनाडु में भारी बारिश
दक्षिण तमिलनाडु में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा. कन्याकुमारी, तूतीकोरिन और तेनकासी में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. तटीय इलाकों में समुद्र उग्र रहने की संभावना है इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


