आसमान में अपनी जान की परवाह न करते हुए सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार इन दिनों पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गए हैं. मूल रूप से गुजराती कैप्टन स्मित मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की एक फ्लाइट के दौरान ऐसा अदम्य साहस दिखाया, जिसने एक बड़ी और भयानक त्रासदी को टाल दिया.
इस वीरता का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पायलट स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से फोन पर बातचीत की और उनके साहस की भूरी-भूरी प्रशंसा की है.
क्या है पूरी घटना?
घटना के विवरण के मुताबिक, जब विमान दुबई से तेल अवीव की ओर उड़ान भर रहा था, तब अचानक उड़ान के दौरान को-पायलट ने फ्लाइट में ही स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया. इस अचानक हुए जानलेवा हमले में कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और हमलावर का डटकर मुकाबला किया.
उन्होंने कॉकपिट को सुरक्षित रखने और यात्रियों व क्रू मेंबरों को हमलावर पर काबू पाने में मदद करने में अहम भूमिका निभाई. विमान में अधिकतर इजरायली नागरिक सवार थे, जिन्होंने बाद में हमलावर को पकड़ा और तबुक एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा गया.
पीएम मोदी ने बताया ‘हीरो’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कैप्टन स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताया. पीएम ने लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. भारी खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों के जीवन की रक्षा करने के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया है. भारत को कैप्टन माछर पर गर्व है.”
ये भी पढ़ें: ‘हीरो हैं स्मित माछर…’, 174 जानें बचाने वाले भारतीय कैप्टन बने ‘ग्लोबल हीरो’, क्या बोले पीएम मोदी?
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने परिवार से बातचीत के दौरान यह भी आश्वस्त किया कि रियाद में भारतीय दूतावास और सरकार के मिशन हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं. वर्तमान में घायल पायलट स्मित मच्छार उत्तर-पश्चिम सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उन्हें बेहतर चिकित्सा देखभाल दी जा रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



