MGM कॉलेज कैंप में मिले 215 पॉजिटिव
MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर से HIV संक्रमण को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं. पिछले छह महीनों के भीतर सैकड़ों नए मरीजों की पहचान होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन दोनों सतर्क हो गए हैं. आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में 357 लोगों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है.
44 हजार से ज्यादा लोगों की हुई जांच
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान कुल 44,259 लोगों का HIV टेस्ट किया गया. जांच रिपोर्ट में 357 लोग संक्रमित पाए गए. संक्रमित मरीजों की पहचान के बाद उन्हें इलाज से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई.
अधिकांश मरीज इलाज से जुड़े
विभाग का कहना है कि संक्रमित पाए गए ज्यादातर लोगों को उपचार की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है. हालांकि अभी भी 6 मरीज ऐसे हैं जो किसी कारणवश इलाज की प्रक्रिया से नहीं जुड़ पाए हैं. ऐसे मरीजों तक पहुंचकर उन्हें उपचार से जोड़ने के प्रयास तेज किए गए हैं, ताकि शत-प्रतिशत इलाज का लक्ष्य हासिल किया जा सके.
एमजीएम मेडिकल कॉलेज में मिले सबसे ज्यादा केस
संक्रमित मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़े कैंप में दर्ज किया गया है. यहां अकेले 215 मरीजों में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई. अन्य अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में संक्रमितों की संख्या 30 से कम रही. इलाज से बाहर रह गए सभी 6 मरीज भी इसी केंद्र से जुड़े बताए जा रहे हैं.
फर्स्ट-95 अभियान के तहत हुई जांच
HIV संक्रमितों की पहचान के लिए प्रशासन की ओर से ‘फर्स्ट-95’ अभियान संचालित किया गया. इस अभियान के तहत 6,313 लोगों की स्क्रीनिंग की गई. जांच प्रक्रिया में सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी चिकित्सा संस्थानों को भी शामिल किया गया, जहां कई मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई.
ये भी पढ़ें-पंजाब में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार ने मजदूरों को रौंदा, 8 की मौत; कई घायल
उपचार से जोड़ने की दर 98.3 प्रतिशत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, HIV मरीजों को एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) और अन्य जरूरी चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने का काम लगातार किया जा रहा है. फिलहाल संक्रमित मरीजों को उपचार से जोड़ने की दर 98.3 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है. अधिकारियों का लक्ष्य शेष मरीजों को भी जल्द से जल्द इलाज से जोड़कर इस आंकड़े को 100 प्रतिशत तक पहुंचाना है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





