Bharat Express DD Free Dish

इंदौर में धड़ाम से गिरी ओवरलोड लिफ्ट, मातम में बदला माहौल; दुल्हन से मिलने जा रहे थे रिश्तेदार

Indore Lift Collapse: इंदौर के चंदननगर में शादी समारोह के दौरान ओवरलोड लिफ्ट टूटने से 12 लोग घायल हो गए. माल ढोने वाली लिफ्ट में क्षमता से अधिक लोग सवार होने के कारण यह हादसा हुआ. पढ़िये पूरी खबर

Indore Lift Collapse

AI Photo

Indore Lift Collapse: इंदौर/जयव्यास: मध्य प्रदेश की व्यापारिक राजधानी इंदौर में एक शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब मेहमानों से भरी एक लिफ्ट अचानक धड़ाम से नीचे गिर गई. यह दर्दनाक हादसा इंदौर के चंदननगर थाना क्षेत्र के राजकुमार बांक इलाके में रविवार शाम को हुआ. हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनका निजी अस्पताल में इलाज जारी है.

दुल्हन से मिलने की खुशी पड़ी भारी (Indore Chandan Nagar Lift Accident)

जानकारी के अनुसार, चंदननगर निवासी मोहम्मद खलील की बेटी आयशा की शादी का समारोह उनके कारखाना परिसर में आयोजित किया गया था. दुल्हन दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में तैयार हो रही थी. दुल्हन को देखने और उससे मिलने के उत्साह में करीब 12 रिश्तेदार एक साथ कारखाने की लिफ्ट में सवार हो गए. क्षमता से अधिक वजन होने के कारण लिफ्ट ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

दूसरी मंजिल से गिरी लिफ्ट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लिफ्ट जैसे ही दूसरी मंजिल से नीचे की ओर रवाना हुई, ओवरलोड होने के कारण उसकी लोहे की रस्सी अचानक टूट गई. लिफ्ट अनियंत्रित होकर सीधे जमीन पर आ गिरी. हादसे के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. लिफ्ट के भीतर फर्श पर खून फैला हुआ था और घायलों की चीखें सुनकर परिजन तुरंत मदद के लिए दौड़े.

माल ढोने वाली लिफ्ट का इस्तेमाल (Indore Malwahak Lift Danger)

पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया के अनुसार, जिस लिफ्ट का इस्तेमाल मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा था, वह असल में कारखाने में माल ढोने के लिए लगाई गई थी. मालवाहक लिफ्ट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर एक साथ 12 लोगों का सवार होना इस बड़े हादसे का मुख्य कारण बना.

ये भी पढ़ें: सुनेत्रा पवार के ‘निर्विरोध’ जीत की उम्मीद टूटी, कांग्रेस की एंट्री से बना समीकरण

घायलों की सूची और इलाज (Indore News Today)

हादसे में घायल होने वालों में आशमा बी, आशम, शहनाज बी, नजमा बी, मंतेश (12 वर्ष), अर्शील, जैनब, अफसाना, निखत, फातिमा, नरगिस और अमीरा शामिल हैं. घायलों में अधिकांश के पैरों और कमर में गंभीर चोटें आई हैं. पहले परिजनों ने हादसे की बात छिपाई, लेकिन जब बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुँचे, तब मामले का खुलासा हुआ.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read