Indore Car Accident CCTV Video: जय व्यास/इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल के पास स्थित शांति निकेतन कॉलोनी में पिछले मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ. सड़क पर खेल रहे एक मासूम बच्चे को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया. सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लापरवाही से चलाई जा रही कार के अगले और पिछले, दोनों पहिए बच्चे के शरीर के ऊपर से गुजर गए. हालांकि, कुदरत का करिश्मा ही था कि इतनी भयानक दुर्घटना के बाद भी मासूम की जान बच गई.
लापरवाही का लाइव मंजर (Indore Car Accident)
वायरल वीडियो में दो बच्चे सड़क किनारे खेलते हुए नजर आ रहे हैं. इसी दौरान एक सफेद रंग की कार मुड़ती है और ड्राइवर बच्चे को देख नहीं पाता. कार का अगला पहिया सीधे बच्चे के ऊपर चढ़ जाता है और पल भर में पिछला पहिया भी उसे रौंदते हुए निकल जाता है. हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई. घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उसका इलाज जारी है.
कार मालिक ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
इस पूरे मामले में कार मालिक संजय अग्रवाल के व्यवहार ने सभी का ध्यान खींचा है. आमतौर पर ऐसे हादसों के बाद लोग भागने या रसूख दिखाने की कोशिश करते हैं, लेकिन संजय अग्रवाल ने इसके विपरीत कदम उठाया.
ये भी पढ़ें: गोंडा में खाकी का शौर्य: सिपाही के पैर कटे पर अपराधी को नहीं छोड़ा, कटे दोनों पैर
उन्होंने तुरंत बच्चे के इलाज का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली. जैसे ही उन्हें अपने ड्राइवर की लापरवाही का पता चला, उन्होंने स्वयं पहल की. उन्होंने न केवल ड्राइवर को डांटा, बल्कि उसे खुद लसूड़िया थाने भेजकर सरेंडर कराया. संजय अग्रवाल ने खुद अपनी कार के ड्राइवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
सड़क पर खेल रहे मासूम को कार चालक ने कुचला, गंभीर
खुलासा फर्स्ट, इंदौर।#khulasafirst #indorenews #indorepolice #jansamparkmp #mpnews #INDORE #police #car #kia pic.twitter.com/tuc1zk0IhM
— khulasafirst (@khulasafirst) April 2, 2026
पुलिस की कार्रवाई (Shanti Niketan Indore News)
इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लसूड़िया पुलिस ने कार मालिक की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है और ड्राइवर का बयान दर्ज किया गया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

