कला, साहित्य और संस्कृति की नगरी इंदौर में पिछले तीन दिनों से चल रहे देश के प्रतिष्ठित 18वें भारतीय पत्रकारिता महोत्सव का रविवार को शानदार और गरिमापूर्ण समापन हो गया. स्टेट प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस महा-आयोजन में भारत एक्सप्रेस की मुख्य सहभागिता रही. इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा ढाका और काठमांडू (नेपाल) से आए विदेशी पत्रकारों ने भी हिस्सा लिया, जिससे यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया.
72 विचारोत्तेजक सत्र और ‘जेन-जी’ पर केंद्रित थीम
इस विशिष्ट महोत्सव के दौरान कुल 72 ज्ञानवर्धक, झकझोरने वाले और यादगार सत्र आयोजित किए गए, जिनमें देश-विदेश के सैकड़ों पत्रकारों ने शिरकत की. इस बार के महोत्सव का केंद्रीय विषय ‘जेन-जी’ (Gen-Z) रखा गया था, जिसके तहत मीडिया, राजनीति, चुनाव, शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में होने वाले बदलावों पर व्यापक संवाद हुआ.
कार्यक्रम के संयोजक और भारत एक्सप्रेस के ग्रुप एडिटर सुदेश तिवारी ने कहा कि यह आयोजन देश का इकलौता ऐसा मंच है जहां पत्रकारिता की चुनौतियों और नए आयामों पर गंभीर विचार-मंथन होता है. उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के दौर में कई बार खबरों का भ्रम फैलता है, जिसे मेनस्ट्रीम मीडिया अपनी प्रामाणिकता से ठीक करने का कार्य करती है.
मुख्य अतिथि रहे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
कार्यक्रम के समापन सत्र में मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने इंदौर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह शहर कला, साहित्य, संगीत और पत्रकारिता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रेस की भूमिका सबसे अहम है. ‘जेन-जी’ पीढ़ी का जिक्र करते हुए तोमर ने कहा कि इन्हें “तरुण भारत” कहकर संबोधित किया जाना चाहिए क्योंकि देश के नौजवानों ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया है.
ये भी पढ़ें: क्या गुल खिला रहे हैं बृजभूषण?…’ सपा अध्यक्ष श्यामलाल पाल के मुंह से सब निकला
स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने सफल आयोजन के लिए भारत एक्सप्रेस के CMD उपेंद्र राय के मार्गदर्शन और योगदान की सराहना की. इस तीन दिवसीय महाकुंभ ने वरिष्ठ पत्रकारों को जहां नई तकनीकी बारीकियों से रूबरू कराया, वहीं युवा और नए पत्रकारों को दिग्गजों के अनुभवों से सीखने का सुनहरा अवसर प्रदान किया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

