भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच INS विक्रांत की जानकारी मांगने वाला एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. केरल पुलिस ने कोझिकोड से एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताकर नौसेना के कोच्चि स्थित बेस पर कॉल किया और भारतीय नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत की लोकेशन पूछी.
यह घटना 9 मई की सुबह करीब 9:15 बजे की है, जब कोच्चि नेवल बेस पर एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को ‘प्रधानमंत्री कार्यालय से राघवन’ बताकर परिचित कराया. जैसे ही उसने INS विक्रांत की मौजूदा स्थिति जानने की कोशिश की, वहां तैनात अधिकारियों को मामला संदिग्ध लगा और तुरंत हार्बर पुलिस को सूचना दी गई.
पीएमओ अधिकारी बन मांगी जानकारी
पुलिस की जांच में पता चला कि कॉल करने वाला व्यक्ति कोझिकोड का रहने वाला 35 वर्षीय मुजीब है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फोन पर खुद को पीएमओ का अधिकारी बताकर नेवी से गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की. इस गंभीर मामले को देखते हुए उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. इन धाराओं के तहत लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और इनमें जमानत नहीं मिलती.
गिरफ्तारी के बाद जब मुजीब से पूछताछ की गई तो उसने दावा किया कि वह मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है. हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि इस दावे की फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है कि क्या आरोपी वाकई मानसिक रूप से अस्वस्थ है या सिर्फ सजा से बचने की कोशिश कर रहा है.
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कई पहलुओं से कर रही है, क्योंकि भारत की सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां लीक करने की कोशिश को किसी भी हालत में हल्के में नहीं लिया जा सकता. ऐसे समय जब देश युद्ध जैसे हालात का सामना कर रहा है, इस तरह की हरकतें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं.
ये भी पढ़ें- भारत पाक युद्ध विराम के बाद Jammu Kashmir के लोगों को फिर से पर्यटकों के आने की उम्मीद!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



