Bharat Express DD Free Dish

क्या केजरीवाल की नजर अब पंजाब की कुर्सी पर? बीजेपी नेता मनजिंदर सिरसा का बड़ा दावा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई.

Arvind Kejriwal

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई. यह बैठक दिल्ली के कपूरथला हाउस में हुई. इस पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि केजरीवाल अब पंजाब के मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं. उनका मकसद मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) को हटाना है.

सिरसा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “कुछ ख्वाब थे जो आंखों में टूट गए, कुछ अरमान थे जो होठों पर रूठ गए”, यही हाल अब केजरीवाल का हो रहा है. दिल्ली में चुनाव हारने के बाद अब उन्होंने पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है. सवाल यह है कि जब चुनाव दिल्ली में हारे हैं, तो बैठक पंजाब के विधायकों की क्यों? इसका सीधा मतलब है कि अरविंद केजरीवाल अब पंजाब की सत्ता पर कब्जा करने का सपना देख रहे हैं.

“सत्ता के बिना नहीं रह सकते केजरीवाल”

सिरसा ने आगे कहा, “अरविंद केजरीवाल सत्ता के बिना नहीं रह सकते, जैसे मछली पानी के बिना नहीं रह सकती. उन्हें शाही जीवन जीने की आदत हो गई है. 10 लाख की टॉयलेट सीट, 25 लाख का मखमली कालीन और 80 लाख के जापानी जैकुजी में रहने की आदत हो गई है. यही वजह है कि अब वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं. लेकिन मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि ये सपने पूरे नहीं होंगे. पंजाब के लोग स्वाभिमानी हैं और उन्होंने कई बड़े नेताओं को सत्ता से बेदखल किया है.”

“भगवंत मान को नालायक साबित करने की कोशिश”

सिरसा ने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल अब यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि भगवंत मान अयोग्य और भ्रष्ट हैं. उन्होंने कहा, “यह सच है कि पंजाब में भ्रष्टाचार जारी है, नशाखोरी खत्म नहीं हुई, महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा पूरा नहीं हुआ. लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि भगवंत मान को हटाकर केजरीवाल खुद मुख्यमंत्री बन जाएं. यह कभी सच नहीं होगा और न ही ऐसा होने वाला है. अरविंद केजरीवाल को अब यह सपना देखना छोड़ देना चाहिए.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read