Delhi Police Arrested ISI Terrorists: भारत को दहलाने की पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेशी आतंकी नेटवर्क की एक बहुत बड़ी साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया है. खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ज्वाइंट ऑपरेशन को अंजाम देते हुए तमिलनाडु से 6 और पश्चिम बंगाल से 2 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. इन आतंकियों के निशाने पर देश की राजधानी दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थल और लाल किला (Red Fort) थे.
कपड़े की फैक्ट्री में छिपे थे ‘स्लीपर सेल’
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो फर्जी पहचान (Fake Aadhaar Card) के जरिए भारत में रह रहे थे. दिल्ली पुलिस ने तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले (उथुकुली, पल्लडम और तिरुमुरुगनपूंडी) से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबाहत, उमर, मोहम्मद लितान (लिटन), मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है. ये सभी संदिग्ध आतंकी लंबे समय से गारमेंट यूनिट्स (कपड़ा फैक्ट्रियों) में काम करने की आड़ में रह रहे थे और देश में अपना नेटवर्क फैला रहे थे.
‘इस्लामाबाद मस्जिद ब्लास्ट’ का बदला
सुरक्षा एजेंसियों की प्रारंभिक जांच में कई बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. खुफिया एजेंसियों ने शनिवार को ही अलर्ट जारी किया था कि लश्कर-ए-तैयबा (LeT) लाल किले और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर IED ब्लास्ट की साजिश रच रहा है. सूत्रों के अनुसार, इस हमले की साजिश 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के लिए रची गई थी.
इन आरोपियों ने आतंकी हमले के लिए कई बड़े शहरों की रेकी की थी. जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली में हाल ही में लगाए गए ‘फ्री कश्मीर’ (Free Kashmir) के पोस्टरों के पीछे भी इन्ही संदिग्धों का हाथ था.
ये भी पढ़ें: ‘राहुल गांधी देश के योग्य नहीं,उनका सामाजिक बहिष्कार हो’, ऐसा क्यों बोल गए कपिल देव?
विदेशी आकाओं से फंडिंग
छापेमारी के दौरान दिल्ली पुलिस ने इन आतंकियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड और कई डिजिटल डिवाइस बरामद किए हैं. पूछताछ में पता चला है कि ये लोग सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकी संगठनों का प्रचार कर रहे थे और विदेशी आकाओं से इन्हें लगातार फंडिंग व निर्देश (Logistics Support) मिल रहे थे. फिलहाल सभी 8 आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर ट्रेन के जरिए दिल्ली लाया जा रहा है, जहां एजेंसियों की जॉइंट टीम इनसे गहन पूछताछ करेगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

