जयपुर अपहरण कांड का मास्टरमाइंड दुबई से गिरफ्तार (इमेज-IANS)
Jaipur Kidnapping Case: जयपुर में पुलिस की वर्दी पहनकर व्यापारी का अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी को AGTF ने दुबई से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को लेकर टीम गुरुवार देर रात जयपुर पहुंची.
खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में 20 अगस्त 2025 को व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता का अपहरण किया गया था. आरोपियों ने पुलिसकर्मी की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम दिया और व्यापारी के परिजनों से फिरौती मांगी. पुलिस ने व्यापारी और उसके चालक को सुरक्षित छुड़ा लिया था.
संगठित अपराध सिंडिकेट से जुड़ा था कमल सिंधी
जांच में हर्ष गौतम, कनक गांगुली और अजय बेनीवाल उर्फ शाका को गिरफ्तार किया गया, जबकि करण आसवानी फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, वह संगठित अपराध के सिंडिकेट से जुड़ा था और देश छोड़कर दुबई भाग गया था.

करण के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद AGTF ने इंटरपोल और UAE की एजेंसियों के साथ समन्वय कर उसकी लोकेशन ट्रेस की. अबू धाबी इंटरपोल की टीम ने उसे डिटेन किया. इसके बाद 31 अगस्त को ASP सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में AGTF टीम दुबई रवाना हुई और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को भारत लेकर आई
25 साल पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक करण आसवानी के खिलाफ पहला हत्या का मामला वर्ष 2000 में मुरलीपुरा थाने में दर्ज हुआ था. इसके बाद जयपुर के अलग-अलग थानों में मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला, चोरी, अपहरण और जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हुए. वर्ष 2025 में खोह नागोरियान थाने में दर्ज व्यापारी अपहरण और संगठित अपराध के मामले में वह लंबे समय से फरार था.
ये भी पढ़ें- 9 दिन मौत की सुरंग में रहा जिंदा, ‘हरे कृष्ण’ जाप से बची जान, जन्माष्टमी पर हुआ चमत्कार
भारत लाने के बाद अब आरोपी से मामले में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



