नतांश पटेल/ जयपुर
Road Accident in Jaipur: जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में 1 जून की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जहां एक तेज रफ्तार थार SUV ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से रौंद दिया. हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जिसके बाद अस्पताल में भारी तनाव देखा गया.
दरअसल, महल रोड पर एक MBBS छात्र ने नशे की हालत में थार चलाते हुए बाइक सवार राकेश मीणा को टक्कर मार दी. घटना के बाद राकेश की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस पर देरी से सूचना देने और शव के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच न होने पर थाने के घेराव की चेतावनी दी है (Road Accident in Jaipur).
कैसे हुई घटना?
जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में 1 जून की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया. महल रोड स्थित अक्षयपात्र चौराहे के पास एक तेज रफ्तार थार SUV ने बाइक सवार राकेश मीणा (28) को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक करीब 150 मीटर तक गाड़ी के नीचे घिसटती चली गई. गंभीर रूप से घायल राकेश को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वह मूल रूप से दौसा के रहने वाले थे और हाल ही में जयपुर शिफ्ट हुए थे.
नशे में धूत था MBBS का छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार में तीन युवक सवार थे जो कथित रूप से नशे में थे. गाड़ी से बीयर की बोतलें और कैन भी बरामद होने का दावा किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि थार को महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज का एक MBBS छात्र चला रहा था.
परिजनों ने पुलिस पर लगाएं गंभीर आरोप
इस हादसे के बाद अस्पताल में मृतक के परिजनों और आरोपी के साथियों के बीच तीखी बहस और हाथापाई हुई, जिसके बाद पुलिस को दखल देना पड़ा. मृतक की बहन ने पोस्टमॉर्टम से पहले शव के साथ छेड़छाड़ करने और पुलिस पर देरी से सूचना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
मृतक के पिता ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे थाने और अस्पताल का घेराव करेंगे. पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: खोड़ा कॉलोनी की किस्मत बदल देगा सूर्या चौहान का मर्डर? 1600 बदमाश ढूंढ रही पुलिस , 3 मदरसे बंद
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

