Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

जयपुर में आज निकलेगा यौमे-ए-आशूरा का ताजिया जुलूस, 158 साल पुराना सोना-चांदी का ताजिया रहेगा आकर्षण

Jaipur Muharram: मोहर्रम के अवसर पर जयपुर में आज यौमे-ए-आशूरा का पारंपरिक ताजिया जुलूस निकलेगा. करीब 250 से 300 ताजिए कर्बला मैदान पहुंचेंगे, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.

Edited by Sahil Singh

मोहर्रम के मौके पर शुक्रवार को जयपुर में यौमे-ए-आशूरा का पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला जाएगा. हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में शहर के अलग-अलग इलाकों से करीब 250 से 300 छोटे-बड़े ताजिए तय मार्गों से होते हुए कर्बला मैदान पहुंचेंगे. यहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. गुरुवार रात “कत्ल की रात” पर शहर के इमामबाड़ों और ताजिया स्थलों पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे.

158 साल पुराना सोना-चांदी का ताजिया होगा आकर्षण

इस बार भी जयपुर राजघराने से जुड़ा 158 साल पुराना ऐतिहासिक ताजिया लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा. यह ताजिया वर्ष 1868 में तत्कालीन महाराजा राम सिंह ने बनवाया था. माना जाता है कि इसमें करीब 10 किलो सोना और 60 किलो चांदी का इस्तेमाल किया गया है. इसे देश के सबसे खास और अनोखे ताजियों में गिना जाता है.

3 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

जुलूस को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है. शहर में करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पूरे जुलूस पर ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे, अभय कमांड सेंटर और सादा वर्दी में मौजूद खुफिया टीम नजर रखेगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए QRT और ERT टीम भी तैयार रहेगी.

इन रास्तों से निकलेगा जुलूस

दोपहर बाद शहर के अलग-अलग इलाकों से ताजिए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे. यहां से जुलूस हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला मैदान तक जाएगा.

जुलूस के दौरान परकोटा क्षेत्र के कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ से वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी. इसके अलावा रोड नंबर-14 वीकेआई, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर और आमेर तिराहे से भारी वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा.


ये भी पढ़ें: दिल्ली में 30 जून से शुरू होगा वोटर लिस्ट सत्यापन अभियान, घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे BLO


बाजारों में पार्किंग पर रहेगी रोक

चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, चांदपोल बाजार, किशनपोल बाजार और एमआई रोड सहित कई प्रमुख बाजारों में जुलूस के दौरान पार्किंग की अनुमति नहीं होगी.

प्रशासन ने कहा है कि केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस में शामिल होने की अनुमति होगी. सोशल मीडिया पर पुलिस की साइबर सेल विशेष नजर रखेगी. अफवाह फैलाने या भ्रामक पोस्ट साझा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest