Bharat Express DD Free Dish

जम्मू में जन्मदिन के जश्न में खूनी झड़प: चेहरे पर केक लगाने को लेकर हुआ विवाद, चाकू गोदकर युवक की हत्या

Jammu Birthday Party Murder Case: जम्मू के लोअर रूप नगर में बर्थडे पार्टी के दौरान चेहरे पर केक लगाने की बात को लेकर युवकों में विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर तेजधार हथियार से हमले में पवन नायर नामक युवक की मौत हो गई, पुलिस ने आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है.

Jammu Birthday Party Murder Case

Jammu Birthday Party Murder Case- bharat express

Jammu Birthday Party Murder Case: जम्मू के लोअर रूप नगर इलाके में जन्मदिन समारोह के दौरान केक लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया. कथित तौर पर तेजधार हथियार से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान पवन नायर उर्फ समीर के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना 17 सितंबर की रात लोअर रूप नगर इलाके में हुई. नीरज उर्फ अंशु सड़क किनारे अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था. समारोह में पवन नायर, जॉन सोत्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी समेत कई दोस्त मौजूद थे. नीरज का भाई रिशु भी मौके पर था. केक काटने के दौरान पवन नायर ने कथित तौर पर मजाक में नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता चला गया.

गर्दन पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि विवाद के दौरान नीरज ने खुखरी या किसी अन्य तेजधार हथियार से पवन पर हमला कर दिया. हमले में पवन की गर्दन पर गंभीर चोट आई. घायल पवन को उसके दोस्तों ने तत्काल जीएमसी जम्मू पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

दोनों आरोपी भाई गिरफ्तार

पुलिस पोस्ट जीएमसी से सूचना मिलने के बाद जानीपुर थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीरज उर्फ अंशु और उसके भाई रिशु को गिरफ्तार कर लिया. दोनों पुलिस हिरासत में हैं. पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है.

पोस्टमार्टम के लिए रखा शव

पवन नायर के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है. पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जन्मदिन समारोह में शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में गंभीर हिंसक घटना में बदल गया.

यह भी पढ़ें: नेपाल से बहकर गोपिया बैराज पहुंचा अज्ञात युवक का शव, सनसनी; पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read