Rajouri Anti-Terror Mission: रवि शर्मा/राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी के दोरिमल इलाके में आतंकियों के खात्मे के लिए शुरू किया गया सुरक्षाबलों का साझा अभियान आज नौवें दिन भी लगातार जारी है. पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. देश के जांबाज सैनिक दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच जान हथेली पर रखकर हर एक कोने को खंगाल रहे हैं ताकि छिपे हुए दुश्मनों का नामोनिशान मिटाया जा सके.
स्पेशल फोर्सेज और जवानों ने घेरा पूरा इलाका
इस बड़े सर्च ऑपरेशन की कमान किसी एक टीम के हाथ में नहीं है, बल्कि देश की सबसे घातक टुकड़ियां मिलकर काम कर रही हैं. भारतीय सेना के साथ-साथ सेना की बेहद खतरनाक ‘स्पेशल फोर्सेज’, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ (CRPF) के जवान इस पूरे मिशन में एक साथ जुटे हुए हैं. सुरक्षाबलों को खुफिया इनपुट मिला था कि दोरिमल के जंगलों में दो से तीन खूंखार आतंकी पनाह लिए हुए हैं. इसी पुख्ता जानकारी के बाद जवानों ने मोर्चा संभाला और पूरे क्षेत्र की ऐसी घेराबंदी की है कि परिंदा भी पर न मार सके.
रुक-रुक कर हो रही है भारी गोलीबारी
बीते नौ दिनों से चल रहे इस ऑपरेशन के दौरान दोनों ओर से कई बार रुक-रुक कर भीषण गोलीबारी भी हो चुकी है. घने पेड़-पौधों और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर आतंकी खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमारे मुस्तैद जवान हर चाल को नाकाम कर रहे हैं. बिना थके और बिना रुके जवान बेहद सघन तलाशी अभियान (Intensive Search Operation) चला रहे हैं. स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी खास एहतियात बरती जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

