Bharat Express DD Free Dish

जम्मू में ‘लव गुरु’ बनकर लड़कियों के वीडियो बनाने का आरोप, शिवसेना ने SSP से की शिकायत, जांच का मिला आश्वासन

Jammu Love Guru Case: जम्मू में सनी नाम के युवक पर लड़कियों को रोककर वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आरोप है.

Accused of making videos of girls while posing as a ‘Love Guru’

‘लव गुरु’ बनकर लड़कियों के वीडियो बनाने का आरोप

रिपोर्ट- रवि शर्मा/जम्मू

Jammu Love Guru Case: जम्मू में एक युवक पर लड़कियों को परेशान करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि युवक खुद को लव गुरु बताकर रास्ते में लड़कियों को रोकता है, उनका वीडियो बनाता है और फिर उसे सोशल मीडिया पर डाल देता है. इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर इकाई ने SSP जम्मू को लिखित शिकायत दी है. SSP ने मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है.

पीड़ित लड़कियों ने शिवसेना से की शिकायत

भारत एक्सप्रेस से बात करते हुए शिवसेना यूबीटी के प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी ने बताया कि कुछ युवतियों ने खुद उनसे संपर्क किया था. युवतियों ने बताया कि एक लड़का उन्हें रास्ते में रोककर जबरदस्ती वीडियो रिकॉर्ड करता है और बाद में उन वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करके उन्हें परेशान कर रहा है. शिकायत मिलने के बाद शिवसेना ने इस मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस के पास पहुंची.

इंस्टाग्राम पर SK EXTROVERT नाम से पेज

मनीष साहनी के मुताबिक जिस युवक पर आरोप लग रहे हैं वो सोशल मीडिया पर खुद को सनी बताता है. उसका इंस्टाग्राम पेज SK EXTROVERT नाम से है. आरोप है कि इस पेज पर लड़कियों और लड़कों के कई वीडियो अपलोड किए गए हैं. कुछ वीडियो में गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया गया है. इससे जम्मू की लड़कियों में डर का माहौल है और वे असुरक्षित महसूस कर रही हैं.

800 टिप्स का दावा, साजिश की आशंका

साहनी ने बताया कि आरोपी युवक सोशल मीडिया पर लड़कियों को पटाने के 800 टिप्स होने का दावा भी करता है. उनका कहना है कि युवक जम्मू की लड़कियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां करता है और अभद्र भाषा बोलता है. शिवसेना ने पुलिस से मांग की है कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए और उसके सोशल मीडिया अकाउंट की सच्चाई को परखा जाए.

ये भी पढ़ें-आंवले से बदली किस्मत! ‘मन की बात’ में पीएम मोदी बोले- वोकल फॉर लोकल की मिसाल है प्रतापगढ़

पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

मनीष साहनी ने आशंका जताई है कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश भी हो सकती है. उन्होंने कहा कि अगर जांच में कोई आपराधिक एंगल सामने आता है तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. हालांकि इस मामले में लग रहे आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस जांच के बाद ही पूरा सच सामने आएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read