Bharat Express DD Free Dish

जयपुर में जापानी पर्यटक से बदसलूकी; जयगढ़ किले के पास 5 युवकों ने घेरा, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर और जयगढ़ किले के बीच एक जापानी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है. पांच संदिग्ध युवकों ने महिला को घेरकर उसका हाथ पकड़ा, जिसके बाद डरी-सहमी विदेशी सैलानी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागी.

japanese-tourist-molested-jaipur-jaigarh-fort-cctv-suspects-rajasthan-police-1024x683

राजस्थान अपनी मेहमाननवाजी और ‘पधारो म्हारे देस’ की संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है, लेकिन जयपुर से आई एक ताजा घटना ने इस साख पर बट्टा लगा दिया है. आमेर और जयगढ़ किले के बीच स्थित पहाड़ी रास्ते पर एक जापानी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की खबर सामने आई है. इस घटना ने विदेशी सैलानियों की सुरक्षा पर सवाल भी खड़े कर दिए हैं.

मौके पर भाग खुदको किया सुरक्षित

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गणेश पोल से जयगढ़ की ओर जाते समय कुछ युवकों ने महिला को घेर लिया और उसके साथ अभद्रता की. आरोप है कि एक युवक ने जबरन उसका हाथ पकड़ लिया, जबकि अन्य ने भी छेड़छाड़ की. घबराई महिला किसी तरह मौके से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंची और बाद में शिकायत दर्ज कराई.

घटना के बाद पीड़िता ने आमेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. बताया जा रहा है कि वह जयगढ़ कार्मिकों के साथ थाने पहुंची थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जांच में जुटी पुलिस

पजांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में पांच युवक संदिग्ध हालत में पहाड़ी से नीचे उतरते दिखाई दिए हैं. पुलिस अब इनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास के सभी CCTV खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है.

गौरतलब है कि जयपुर देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन केंद्र है, लेकिन हाल के समय में विदेशी पर्यटकों के साथ बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाएं शहर की छवि को प्रभावित कर रही हैं.

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

पर्यटन की पहचान वाले जयपुर में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को भी नुकसान पहुंचा सकती हैं.

ये भी पढ़ें: “47 साल से कुछ नहीं बिगाड़ पाए, अब क्या करोगे?” पटना से ईरान के नुमाइंदे ने अमेरिका को ललकारा; जानें क्या बोले अब्दुल माजिद हकीम इलाही

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read